शनिवार को बसपा सुप्रीमो मायावती की मां रामरती का निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मायावती के दिल्ली स्थित आवास पर रखा गया है। रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी बसपा सुप्रीमो के आवास पर पहुंची और उनकी मां के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस से राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी वहां मौजूद थे।

बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने शनिवार को ट्वीट कर मायावती की मां के निधन की सूचना दी थी। करीब 92 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुक जाने की वजह से उनकी मां का देहांत हो गया। उनकी मां पिछले कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थीं। मां के देहांत की खबर मिलने के बाद मायावती भी दिल्ली रवाना हो गई थीं। पार्थिव शरीर को नई दिल्ली के 3 त्यागराजन मार्ग स्थित आवास पर रखा गया है। रविवार को परिवारजनों के एकत्र होने के बाद पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मायावती की मां के निधन पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया। प्रियंका गांधी ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उप्र की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की माता रामरती के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें। ऊं शांति।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि उ.प्र. की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की माताजी रामरती का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। 

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मायावती की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की माता रामरती का देहावसान, अत्यंत दुखद! दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना। भावभीनी श्रद्धांजलि।