कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। शनिवार को दिग्विजय सिंह ने मोदी सरकार के कामकाज के तरीके पर ट्वीट कर घेरने की कोशिश की। लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ही ट्रोल कर दिया।

दरअसल शनिवार को मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार अन्न उत्सव मना रही है। इस दौरान करीब 4 करोड़ 90 लाख लोगों को निशुल्क राशन दिया जाएगा। अन्न उत्सव को लेकर ही एक सोशल मीडिया यूजर ने नवविवाहिता लड़कियों को राशन ना मिलने का मुद्दा उठाया। मेहरवान सिंह वर्मा नाम के एक यूजर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि माननीय शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश शासन आज अन्न उत्सव मना रही है लेकिन लाखों लड़कियां जिनकी शादी हो जाने से मायके से ससुराल आ गई उन्हें राशन नहीं मिल रहा है जबकि मायके से भी नाम कट चुका है। खाद्य विभाग द्वारा पात्रता पर्ची में नाम अपडेट नहीं किया जा रहा है।

इस ट्वीट को कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी अपने अकाउंट से रीट्वीट किया और प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाकर उनपर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मोदी जी का काम करने का तरीका। काम कम करो, ज़्यादा दिखाओ। मप्र के खाद्य विभाग के अन्न वितरण में व PDS की दुकानों में भारी भ्रष्टाचार है। मैंने कुछ दिन पूर्व भोपाल की केवल 4 पंचायतों के खाद्य वितरण व्यवस्था के उदाहरण जनता के सामने रखे थे। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधने की कोशिश की लेकिन कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ही ट्रोल कर दिया और उन्हें उनके अपने शासनकाल की याद दिलाने लगे। ट्विटर यूजर @arvindrawat79 ने लिखा कि जरा अपने शासनकाल का हाल देखा था। वहीं मानसी नाम की एक यूजर ने लिखा कि कम से कम काम तो कर रहे हैं वरना काम कहां हुआ करता था। उदाहरण के लिए शिवराज शासन से पहले और बाद में मध्यप्रदेश के सड़कों और बिजली की स्थिति को देख सकते हैं।

बता दें कि अन्न उत्सव पर मध्यप्रदेश में 4 करोड़ 90 लाख लोगों को निशुल्क राशन दिया जाएगा। राज्य की करीब 25 हजार दुकानों पर यह राशन दिया जाएगा। वहीं बाढ़ प्रभावित जिले शिवपुरी, श्योपुर, दतिया और चंबल संभाग के अन्य जिलों को 50 किलो ज्यादा अनाज दिया जाएगा।