गोवा में आयोजित एक कार्यक्रम में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि आने वाले कई दशकों तक भारतीय जनता पार्टी राजनीति के केंद्र में रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लगता है कि लोग भाजपा को सत्ता से निकाल फेकेंगे लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है। प्रशांत किशोर के इन्हीं बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने कहा कि यह वही पार्टी है जिसने 40 साल तक भाजपा को सत्ता से दूर रखा।
कांग्रेस नेत्री अलका लांबा ने बयान जारी कर कहा कि यह वही राहुल गांधी हैं जिनकी पार्टी ने 40 सालों तक भाजपा को सत्ता से दूर रखा। आज जब वो सत्ता में हैं तो देश के क्या हालात हैं वो सबके सामने है। जब कांग्रेस का नाम लिया जाता है तो ये उम्मीद कांग्रेस से ही की जाती है कि भविष्य में कोई भाजपा को सत्ता से बाहर कर सकता है तो वो कांग्रेस व कांग्रेस का मजबूत संगठन ही कर सकता है।
आगे अलका लांबा ने कहा कि ये उम्मीद दूसरे राजनीतिक दल से क्यों नहीं की जाती है। सवाल उठता है कि 134 करोड़ में से 80 करोड़ मुफ्त राशन पर निर्भर है। बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि इन सब के बावजूद अगर यह लगता है कि 40 सालों तक भाजपा ही आएगी तो ये सवालिया निशान देश की जनता के ऊपर भी खड़ा किया जा रहा है।
इसके अलावा कांग्रेस नेत्री लांबा ने यह भी कहा कि आखिर यह क्यों कहा जाता है कि आएगी तो भाजपा ही क्योंकि सबको लगने लगा है कि देश की सारी संवैधानिक संस्थाएं इनकी मुट्ठी में है। अपनी सत्ता, ताकत, धन, बल के दम पर ये जो चाहे कर सकते हैं। जहां पर ये सब मुद्दे काम नहीं आएंगे। वहां ये जातीय या धार्मिक उन्माद फैलाकर अपना राजनीतिक मकसद साध लेंगे।
दरअसल सोशल मीडिया पर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो गोवा के एक कार्यक्रम का है जिसमें वो कह रहे हैं कि सत्ता से हटाने के लिए पहले आपको नरेंद्र मोदी की ताकत का अंदाजा लगाना होगा। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आप हराने के लिए उन्हें कभी भी काउंटर नहीं कर पाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि इस भ्रम में मत रहिए कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नाराज हैं और उन्हें सत्ता से हटा देंगे। हो सकता है लोग मोदी को सत्ता से बाहर कर भी दें, लेकिन भाजपा अभी कहीं नहीं जा रही है। इसके लिए आपको अगले कई दशकों तक इंतजार करना होगा और कांग्रेस व बाकी दलों को लड़ाई लड़नी होगी।