Congress चीफ सोनिया गांधी ने पहली बार खुल कर पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव की तारीफ की। राव को मजबूत नेतृत्व का श्रेय देते हुए गांधी ने कहा कि उनके साहसिक नेतृत्व के चलते देश कई चुनौतियों से पार पाने में सफल रहा और राव की उपलब्धियों और योगदान पर पार्टी को गर्व है। शुक्रवार को सोनिया ने यह बयान उनकी याद में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शुरू किए गए जन्म शताब्दी समारोह के दौरान भेजे मैसेज में दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, 24 जुलाई, 1991 को पेश किए गए बजट ने हमारे देश में आर्थिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया। नरसिंह राव के कार्यकाल में देश ने कई राजनीतिक, सामाजिक और विदेश नीति की उपलब्धियां हासिल कीं। वह एक समर्पित कांग्रेसी थे जिन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में पार्टी की पूरे समर्पण के साथ सेवा की। मैं तेलंगाना कांग्रेस कमेटी की ओर से किए गए आयोजन के लिए उसे बधाई देती हूं। कांग्रेस को उनकी विभिन्न उपलब्धियों और योगदान पर गर्व है।’’
इसी बीच, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सोनिया के बेटे राहुल गांधी ने अपने संदेश में नरसिंह राव सरकार के पहले बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके योगदान की बदौलत आधुनिक भारत निरंतर आकार ले रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पी वी नरसिंह राव का जन्म शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए मौका है कि हम एक बहुत विद्वान व्यक्तित्व को याद करें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में लंबा जीवन बिताने के बाद वह ऐसे समय देश के प्रधानमंत्री बने जब गंभीर आर्थिक संकट था। उनके साहसिक नेतृत्व के चलते देश कई सारी चुनौतियों से पार पाने में सफल रहा।’’

वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उन्हें इस देश का ‘महान सपूत’ बताया। तत्कालीन राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे मनमोहन सिंह ने कहा कि राव को वास्तव में भारत में आर्थिक सुधारों का जनक कहा जा सकता है। विभिन्न क्षेत्रों में राव के योगदानों को कम करके आंका नहीं जा सकता है। विदेश नीति के संबंध में राव ने चीन सहित अन्य पड़ोसी देशों के साथ संबंधों में सुधार के लिए प्रयास किया। बता दें कि सिंह बाद में खुद देश के प्रधानमंत्री बने। बता दें कि राव का जन्म 28 जून, 1921 को हुआ था और उनका निधन 23 दिसंबर, 2004 को हुआ। वह 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।