कांग्रेस आज अपना 139वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के नागपुर शहर में गुरुवार को एक मेगा रैली के जरिये अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर इस रैली ‘हैं तैयार हम’ का आयोजन किया गया। नागपुर में होने वाली इस ‘हैं तैयार हम’ मेगा रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित हर राज्य से कार्यकर्ता के पहुंचने की उम्मीद की जा रही है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस के अवसर पर AICC मुख्यालय पर कांग्रेस का ध्वज फहराया। समारोह में खड़गे, राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, सांसद राजीव शुक्ला, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और अन्य पार्टी नेता मौजूद रहे।
रैली को संबोधित करेंगे राहुल और सोनिया गांधी
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को रैली स्थल पर संवाददताओं को संबोधित करते हुये कहा कि देश के लोगों के लिये यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए बदलाव का संदेश देगी। पार्टी के नेताओं के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस रैली को संबोधित करेंगे।
नागपुर में कांग्रेस की महारैली
यह रैली इस मायने में महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका आयोजन नागपुर में हो रहा है, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का मुख्यालय और ऐतिहासिक स्थल ‘दीक्षाभूमि’ स्थित है। नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हैं तैयार हम’ थीम के साथ यह रैली पूरे देश में एक अच्छा संदेश देगी। कांग्रेस अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिगुल बजाएगी।’’ पार्टी नेताओं के अनुसार, नागपुर के दिघोरी में इस रैली के लिए जोरदार तैयारी चल रही है, जहां लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
नाना पटोले ने कार्यक्रम स्थल पर संवाददाताओं से कहा कि जब भी देश पर संकट आया, कांग्रेस आगे आई और देश में एक बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्थापना दिवस पर नागपुर में भाजपा की अत्याचारी और अहंकारी सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेकर बदलाव का संदेश दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि आपातकाल के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नागपुर में जनसभा की थी और कांग्रेस को विदर्भ की सभी सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस नेता ने कहा कि इतिहास अपने आपको दोहरायगा और देश में एक बड़ा परिवर्तन होगा।
राहुल गांधी की ‘भारत न्याय यात्रा’
कांग्रेस नेता पटोले ने यह भी कहा कि राहुल गांधी 14 जनवरी से मणिपुर से पश्चिम भारत में मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। कांग्रेस विधायक ने कहा कि पार्टी ने अपनी विचारधारा और सोच के कारण रैली के लिए नागपुर को चुना है। उन्होंने कहा, “एक तरफ संघ की विचारधारा है और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की विचारधारा है, जो कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी हुई है। जनता निश्चित रूप से कांग्रेस के नारे के साथ चलेगी और रैली आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंकेगी।”