भारत-चीन के बीच लंबे समय से सीमा पर विवाद की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में दोनों देशों की सेनाओं के बीच संघर्ष की खबरें भी सामने आती रहती हैं। इस बीच चीनी मीडिया की तरफ से एक वीडियो जारी कर दावा किया गया है कि चीनी सेना(PLA) ने गलवान घाटी में संघर्ष के दौरान घायल हुए भारतीय सैनिकों को पकड़ा था। सामने आए वीडियो में चीनी सैनिक कुछ सैनिकों को पकड़कर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इसके साथ दावा करते हुए लिखा गया है कि, “चीनी सेना द्वारा पकड़े गए घायल भारतीय सैनिकों का एक वीडियो सामने आया है। पिछले साल गलवान घाटी में?, भारतीय सैनिकों ने नियमों का उल्लंघन किया और चीनी सेना के जवानों के साथ शारीरिक रूप से संघर्ष हुआ।”
बता दें कि इस वीडियो को रिट्वीट कर रिटायर्ड आइएएस सूर्य प्रताप सिंह ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा है कि, “18 घंटे पहले चीन के State-Affiliated मीडिया के हवाले से ये बैचेन करने वाला वीडियो पोस्ट किया गया है। चीनी सेना द्वारा घायल भारतीय सैनिकों को गलवान घाटी में कैप्चर किया गया और उनकी इतनी गंभीर हालत कर दी गई। यदि ये सही है तो कहां है 56 इंच?”
फिलहाल सामने आए इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है कि, ये कब का है। लेकिन इसको गलवान घाटी से जोड़कर चीनी मीडिया द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। बता दें कि एलएसी पर चीनी सेना की उकसाने वाली हरकतें लगातार जारी हैं। कुछ दिन पहले ही अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर चीनी सैनिकों के घुसपैठ की खबरें सामने आईं थी।
इसमें कहा गया था कि, लगभग 200 चीनी सैनिकों ने तिब्बत के रास्ते भारतीय सीमा में पिछले हफ्ते घुसपैठ करने की कोशिश की। खबरों के मुताबिक दोनों सेनाओं में कुछ घंटे झड़प भी हुई थी। हालांकि इस बारे में रक्षा सूत्रों का कहना था कि, इसमें दोनों पक्षों के बीच इंगेजमेंट कुछ घंटों तक चली और इसे मौजूदा प्रोटोकॉल के तहत सुलझा लिया गया। इसमें कोई नुकसान नहीं हुआ।
बता दें कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर लंबे समय से बने तनाव को कम करने को लेकर भारत-चीन के बीच कई दौर की कोर कमांडर-स्तरीय वार्ता हुई लेकिन कोई ठोस हल नहीं निकल सका।