केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय जांच एजेंसी के दुरुपयोग को लेकर विपक्ष के आरोपों पर हैरतअंगेज खुलासे के साथ पलटवार किया है। CBI के इस्तेमाल से जुड़े सवाल पर अमित शाह ने कहा, ‘मैं बताता हूं कि एजेंसियों का दुरुपयोग कैसे होता है। मैं उसका भुक्तभोगी हूं।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के दौरान गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को एनकाउंटर केस में फंसाने के लिए सीबीआई मुझ पर दबाव बना रही थी।
मोदी का नाम दे दो आपको छोड़ देंगे, CBI के 90 फीसदी सवालों में जोर
‘न्यूज 18 राइजिंग इंडिया’ कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस्तेमाल से जुड़े सवाल पर आपबीती सुनाते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। अमित शाह ने बताया, ‘कांग्रेस ने हमारे खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई केस नहीं किया था। मैं तब गुजरात का गृह मंत्री था। वहां एक एनकाउंटर हुआ था। सीबीआई ने मुझ पर केस करके फौरन अरेस्ट कर लिया। पूछताछ के दौरान उनके 90 प्रतिशत सवालों में यही जोर था कि काहे को परेशान हो रहे हो, मोदी का नाम दे दो आपको छोड़ देंगे।’
कोर्ट, पुलिस, एसआईटी सारी जांचों में हम बेदाग निकले
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी तब गुजरात के मुख्यमंत्री थे। केंद्र में कांग्रेसनीत यूपीए की सरकार थी। कांग्रेस सरकार में सीबीआई गुजरात दंगा से जुड़े केस, एनकाउंटर केस जैसे मामलों में सीएम मोदी को फंसाने की हर कोशिश कर रही थी। कांग्रेस सरकार ने उनके खिलाफ एसआईटी बनाई। मुझे गिरफ्तार किया गया। हम पर कोई करप्शन का केस नही था। दंगों में शामिल होने का फर्जी टाइप केस किया गया। हमने तो काले कपड़े नहीं पहने। कोई हायतौबा नहीं की। संसद में काम को नहीं रोका। अंत में सुप्रीम कोर्ट ने सारे केस को खत्म किया।
हमसे लिया जा रहा था राजनीतिक प्रतिशोध, करप्शन का आरोप नहीं
अमित शाह ने कहा, ‘मैं बताता हूं नतीजा क्या आया। मुझे अरेस्ट किया। 90 दिन में ही हाई कोर्ट ने जमानत दे दी। हाई कोर्ट ने कहा कि अरेस्ट करने के लिए पर्याप्त प्रूफ ही नहीं हैं। गुजरात के बाहर मुंबई में केस चला था। वहां कोर्ट ने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से सीबीआई ने राजनीतिक इशारों पर केस किया है। इसलिए हम अमित शाह के खिलाफ केस और सारे आरोपों को खारिज करते हैं।’
Lok Sabha Election:केंद्र के खिलाफ धरना दे रहीं ममता बनर्जी, BJP बोली अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रहीं | Video
क्या करप्शन के खिलाफ ये लड़ाई बंद कर दें?
अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया वगैरह के मामले में कहा कि उनपर बदजुबानी और करप्शन के केस हैं। कोई फर्जी केस नहीं है। 2014 और 2019 दोनों ही लोकसभा चुनाव में भाजपा ने देश से वादा किया था कि करप्शन के खिलाफ लड़ेंगे। हम करप्श के खिलाफ लड़ रहे हैं। साल 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस सरकार में ईडी ने 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। मोदी जी के शासन में हमने 1 लाख 10 हजार करोड़ की संपत्तियां कुर्क की हैं। उसका 5 प्रतिशत भी नेताओं का नहीं है। बाबुओं और भ्रष्ट व्यापारियों का भी है। क्या करप्शन के खिलाफ ये लड़ाई बंद कर दें?