नागरिकता विवाद के बीच मेघालय के राज्यपाल तथागत रॉय ने शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों को दिल्ली वालों के लिए बाधा करार दिया है। सोमवार को उन्होंने कहा है, “लगभग 50 दिन से वे लोग नौटंकी कर रहे हैं। यह गिरी हुई चीज है।”

प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम करने की निंदा करते हुए उन्होंने आगे कहा- आप उन लोगों से पूछिए, जो वहां रहते हैं। वे पागल हो गए हैं। छोटे-छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बीमार लोग अस्पताल नहीं जा पा रहे हैं।

दरअसल, वह 44th Kolkata International Book Fair में विश्व हिंदू परिषद के स्टॉल पहुंचे थे। पत्रकारों ने इसी दौरान उनसे कई मुद्दों पर बात की। यह पूछने पर कि शाहीन बाग में CAA के खिलाफ धरने पर बैठीं औरतों पर उनकी क्या राय है?

उन्होंने जवाब दिया- यह कुछ नहीं बल्कि पूरी तरह से एक बाधा है। बकौल राज्यपाल, “लोग लगभग डेढ़ महीने से सार्वजनिक स्थल पर बैठे हैं। और, ऐसा कर वे अन्य लोगों की दैनिक दिनचर्या में बड़ी रुकावट बन रहे हैं।”

उन्होंने इसके अलावा पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनगड़ और सूबे में ममता बनर्जी के नेतृतव वाली TMC सरकार के बीच जारी विवाद पर भी अपनी राय जाहिर की।

उन्होंने बताया कि जगदीप के साथ जो हुआ, वह गिरी हुई चीज है। यह सूबे की सरकार के लिए शर्मनाक बात है कि राज्यपाल, जो कि कुछ राज्य विवि के चांसलर भी हैं, उन्हें कलकत्ता विवि के दीक्षांत समारोह में जाने से रोका गया और जब उनकी गाड़ी को रोका गया, तब किसी भी बड़े अधिकारी ने हस्तक्षेप नहीं किया।

तथागत रॉय, पूर्व BJP नेता हैं और वह अपने हैरान करने वाले और विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिल्ली चुनाव की अपनी पहली जन सभा में शाहीन बाग पर कहा कि यह संयोग नहीं बल्कि प्रयोग है। (PTI-Bhasha इनपुट्स के साथ)