दिल्ली भाजपा के नए प्रभारी पार्टी उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से आलोचना की यह कहते हुए खिल्ली उड़ाई कि ‘कहां राजा, भोज कहां गंगू तेली’ यानी केजरीवाल की प्रधानमंत्री से कोई तुलना ही नहीं है। भाजपा ने यह कहते हुए केजरीवाल सरकार पर हमला किया कि आम आदमी पार्टी (आप) अपनी विश्वसनीयता गंवा चुकी है। जाजू शनिवार को आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली जनसंघ के दिनों से ही भाजपा का पुराना गढ़ है। पार्टी उसे पुनर्स्थापित करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करेगी, वैसे भी दिल्ली के तीन नगर निगमों में भाजपा का शासन है और यहां की सातों लोकसभा सीटें भाजपा के पास हैं। जाजू ने कहा कि लोग आप सरकार से आजिज आ गए हैं। वे नाखुश हैं। उन्हें उसका कामकाज देखने के बाद अहसास हो गया है कि आरोप-प्रत्यारोप की लंबी राजनिति संभव नहीं है। विकास के लिए एक दिशादृष्टि की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों को अमलीजामा पहनाने के लिए क्षमता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस सरकार की विश्वसनीयता खत्म हो गई है। लोगों ने उससे जो उम्मीदें और आकांक्षाएं लगा रखी थीं, वे चकनाचूर हो गई हैं।
जाजू को शुक्रवार को दिल्ली भाजपा का प्रभारी बनाया गया। उन्होंने प्रभात झा का स्थान लिया है, जो अब पंजाब और हरियाणा में पार्टी के मामले संभालेंगे। दिल्ली सरकार के 526 करोड़ रुपए के विज्ञापन बजट पर जाजू ने चुटकी ली कि किसी भी मुख्यमंत्री ने विज्ञापन पर इतना खर्च नहीं किया। उनके बिजली बिल ने भी रिकार्ड बनाया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने प्रभात झा की ओर से प्रदेश संगठन को दिए मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने सातों लोकसभा सीटों के साथ-साथ दिल्ली कैंट चुनाव जीता। विधानसभा चुनाव में पार्टी संगठन की कमजोरी से नहीं बल्कि विरोधियों के भ्रमक प्रचार के कारण हमारी हार हुई।