कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बावजूद देश में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के टेलीफोन को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किए गए एक ट्वीट पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री उनपर हमलावर हो गए हैं। असम सरकार में मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने तो हेमंत सोरेन को यहां तक कह दिया कि आपने बहुत ओछी हरकत कर दी और मुख्यमंत्री पद की गरिमा भी गिरा दी।
दरअसल कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर प्रधानमंत्री मोदी अलग अलग राज्यों के मुख्यमंत्री को फोन कर जानकारी ले रहे हैं। इसी क्रम में बीते गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी फ़ोन किया। जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री के फोन कॉल को लेकर ट्वीट किया। हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।
आपका यह ट्वीट न सिर्फ़ न्यूनतम मर्यादा के ख़िलाफ़ है बल्कि उस राज्य की जनता की पीड़ा का भी मजाक़ उड़ाना है जिनका हाल जानने के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी ने फ़ोन किया था। बहुत ओछी हरकत कर दी आपने। मुख्यमंत्री पद की गरिमा भी गिरा दी https://t.co/AIm0V6uc17
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) May 6, 2021
हेमंत सोरेन के ट्वीट करते ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्री समेत कई भाजपा नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। असम सरकार में मंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आपका यह ट्वीट न सिर्फ़ न्यूनतम मर्यादा के ख़िलाफ़ है बल्कि उस राज्य की जनता की पीड़ा का भी मजाक़ उड़ाना है जिनका हाल जानने के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी ने फ़ोन किया था। बहुत ओछी हरकत कर दी आपने। मुख्यमंत्री पद की गरिमा भी गिरा दी।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि कृपया संवैधानिक पदों की गरिमा को इस निम्न स्तर तक न ले जाएं। महामारी के इस कठिन समय में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम एक टीम इंडिया हैं। वहीं नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो भी हेमंत सोरेन पर निशाना साधने से नहीं चुके। नेफ्यू रियो ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री पद के कई कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राज्यों को लेकर काफी संवेदनशील रहे हैं। इसलिए मैं हेमंत सोरेन के बयान को पूरी तरह से ख़ारिज करता हूं।
साथ ही झारखंड के कई बड़े नेताओं ने भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लिया। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो आपको फोन किया कि कोरोना से कैसे लड़ा जाये और भारत सरकार सबके साथ है। आपने आभार व्यक्त करने की बजाय उनकी आलोचना की। प्रधानमंत्री जी ने अपना बड़प्पन दिखाया, लेकिन आपने अपनी और मुख्यमंत्री पद की गरिमा गिरा दी।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हेमंत सोरेन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी अमर्यादित है। वे लगातार अपनी अक्षमता प्रदर्शित करते रहे हैं। उनसे राज्य नहीं संभल रहा हो और केंद्र की मदद के बिना एक काम भी नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें सत्ता केंद्र सरकार को ही सौंप देनी चाहिए।