बीजेपी नेता कपिल मिश्रा को भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। दिल्ली बीजेपी के ट्विटर हैंडल से बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के निर्देशानुसार कपिल मिश्रा को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली भाजपा ने ट्विटर हैंडल से नियुक्ति वाला आदेश भी शेयर किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
अरविंद केजरीवाल सरकार में पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा 2019 में आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग की प्रमुख ऋचा पांडे के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
कपिल मिश्रा ने जताया आभार
प्रदेश उपाध्यक्ष की ज़िम्मेदारी मिलने के बाद कपिल मिश्रा ने भी आभार जताते हुए ट्वीट किया है। अपने ट्विटर अकाउंट पर उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अत्यंत आभार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार इस जिम्मेदारी के योग्य मुझे समझने के लिए। गृह मंत्री अमित शाह का आभार जिनके मार्गदर्शन में दिल्ली बड़े परिवर्तन की ओर है। दिल्ली के यशस्वी अध्यक्ष और मेरे बड़े भाई वीरेंद्र सचदेवा का आभार जिन्होंने मुझे अपनी टीम का सदस्य बनाने योग्य समझा।”
भाजपा ने किया था संगठन में बदलाव
29 जुलाई को भाजपा ने संगठन में फेरबदल की घोषणा की थी। भाजपा ने कर्नाटक के नेता सीटी रवि और असम से लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया को अपने महासचिव पद से हटा दिया था। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर को उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई सूची में ज्यादातर पदाधिकारियों को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पद पर बरकरार रखा गया है। दिग्गज कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव के रूप में लाया गया है। वहीं, दूसरी ओर गुजरात भाजपा में सबसे प्रभावशाली नेता और पार्टी महासचिव प्रदीप सिंह वाघेला ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले अप्रैल 2023 में महासचिव भार्गव भट्ट को पार्टी आलाकमान ने शीर्ष पद से हटा दिया था।
कौन हैं कपिल मिश्रा?
कपिल मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के एक्टिव नेता हैं। कपिल पहले आम आदमी पार्टी में थे जिसे छोड़ने के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। साल 2019 में बीजेपी ज्वाइन करने से पहले कपिल दिल्ली के करावल नगर से विधायक थे।