Bharat Jodo Yatra: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने या मार्च को स्थगित करने के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) शनिवार (23 दिसंबर, 2022) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रवेश करेगी। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सभी कांग्रेसी मास्क पहनेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को देखते दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यात्रा शनिवार को बदरपुर बॉर्डर से सुबह 6:30 बजे दिल्ली में प्रवेश करेगी। यात्रा लगभग 10:30 बजे जय देव आश्रम, आश्रम चौक के पास पहुंचेगी और करीब 4:30 बजे लाल किले पर समाप्त होगी। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों और वाहनों के यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। इस पदयात्रा से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होगा।

बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक भारी ट्रैफिक रहने की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि यदि संभव हो तो प्रभावित सड़कों से बचकर, बाईपास करके सहयोग करें। सुखद यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें। सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सुविधा के लिए श्रेणीबद्ध और गतिशील डायवर्जन किया जाएगा।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अभिनेता से नेता बने कमल हासन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्यों और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम 40,000 से 50,000 यात्रियों के यात्रा में भाग लेने की उम्मीद है।

वहीं शुक्रवार (23 दिसंबर, 2022) को राहुल गांधी ने फरीदाबाद में कहा कि पिछले 7-8 साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों करोड़ रुपए मुझे और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने में लगा दिए। भारतीय जनता पार्टी जितनी चाहे उतनी सार्वजनिक बैठकें करा सकती है, लेकिन जहां भारत जोड़ो यात्रा चल रही है वहां कोविड है।

राहुल गांधी ने कहा कि मैंने हजारों युवाओं से बात की और उन्होंने बताया कि वह इंजीनियर, डॉक्टर, IAS बनना चाहते हैं। मैंने पूछा कि अब क्या कर रहे हो? तो वह बोलते हैं कि पकोड़े तल रहे हैं… प्रधानमंत्री जी के पीछे एक लगाम लगी है। सरकार नरेंद्र मोदी नहीं बल्कि अदानी-अंबानी की है।

हिंदुस्तान की ये आवाज ‘राजा’ के सिंहासन तक लेकर, दिल्ली आ गए हम: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद (राहुल गांधी) ने एक ट्वीट भी किया, ”महंगाई हटाओ, बेरोजगारी मिटाओ, नफरत मत फैलाओ- हिंदुस्तान की ये आवाज ‘राजा’ के सिंहासन तक लेकर, दिल्ली आ गए हम। आइये, इसे और बुलंद करने के लिए, हमसे राजधानी में जुड़िए।’