Rahul Gandhi: द्रमुक सांसद (DMK MP) कनिमोझी (Kanimozhi) शुक्रवार को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में कांग्रेस की “भारत जोड़ो यात्रा” (Bharat Jodo Yatra) में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि वह भारत की विविधता का जश्न मनाने वाले पैदल मार्च का हिस्सा बनकर खुश हैं।
Rahul Gandhi के साथ ट्वीट की तस्वीरें
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सांसद ने कहा, “आज हरियाणा में हमारी विविधता का जश्न मनाने वाली भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने से मुझे खुशी हुई। भारत को एकजुट करने का राहुल गांधी का दृष्टिकोण एक विचार है जिसे भारत के लोग आगे बढ़ाएंगे।” उन्होंने ट्विटर पर राहुल गांधी के साथ अपनी कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।
इस समय हरियाणा में है यात्रा
भारत जोड़ो यात्रा इस समय हरियाणा में है। फरीदाबाद में प्रवेश करने से पहले यात्रा हरियाणा चरण के तीसरे और अंतिम दिन शुक्रवार को गुरुग्राम के सोहना में खेरली लाला से शुरू हुई। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान को कवर कर चुकी है। हरियाणा में यात्रा के पहले चरण का शुक्रवार को समापन हुआ।
मार्च फरीदाबाद में रुकने के बाद बदरपुर बॉर्डर के माध्यम से दिल्ली में प्रवेश करेगा। शनिवार रात से एक छोटे ब्रेक के बाद यह 3 जनवरी को फिर से उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगा और फिर हरियाणा में प्रवेश करेगा और फिर पंजाब की ओर बढ़ेगा और अंत में जम्मू और कश्मीर में इस यात्रा का समापन किया जाएगा।
अटल-आडवाणी के करीबी रहे सुधींद्र कुलकर्णी भी हुए यात्रा में शामिल
इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के करीबी रहे पूर्व भाजपा नेता सुधींद्र कुलकर्णी ने राहुल गांधी की “भारत जोड़ो यात्रा” को समर्थन दिया। वे राहुल गांधी के साथ 7.5 किलोमीटर पैदल भी चले। यात्रा की कुछ तस्वीरें भी उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। बता दें कि पूर्व भाजपा विचारक सुधींद्र कुलकर्णी ने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की है और वे एक पत्रकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह मुंबई से निकलने वाले टैब्लॉयड Blitz के संपादन का काम कर चुके हैं। कुलकर्णी 1996 में भाजपा में शामिल हुए थे। वह 80 के दशक में वाजपेयी और आडवाणी से जुड़े थे, जो राम जन्मभूमि आंदोलन शुरू होने का दौर था।