Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (19 सितंबर, 2022) को केरल के पुन्नमदा झील में स्नेक वोट रेस में भाग लिया और चप्पू चलाते नजर आए। इस दौरान उन्होंने पर्यटन से जुड़े लोगों से बात की। रेस के अंत में वो अपना चेहरा पोंछते हुए खुश नजर आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने ट्विटर लिखा, ‘जब हम सभी एक साथ पूर्ण सद्भाव में काम करते हैं, तो ऐसा कुछ भी नहीं है, जिसे हम पूरा नहीं कर सकते’। इससे पहले दिन में कांग्रेस नेता ने केरल के अलाप्पुझा में वडकल समुद्र तट पर मछुआरों के साथ बातचीत की और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की।गांधी ने बढ़ती ईंधन लागत, कम सब्सिडी, घटते मछली स्टॉक, अपर्याप्त शैक्षिक अवसरों और अन्य मुद्दों के बीच पर्यावरण को लेकर बातचीत की।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सुबह 6 बजे राहुल गांधी ने अलाप्पुझा में वडकल समुद्र तट पर मछुआरों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बढ़ती ईंधन लागत, सब्सिडी में कमी, घटता मछली स्टॉक, सामाजिक कल्याण और पेंशन की कमी, अपर्याप्त शैक्षिक अवसर और पर्यावरण को लेकर बात की’।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। जो 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और देश के 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा अभी केरल में है। 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंचेगी। यह उत्तर की ओर बढ़ने से पहले 21 दिनों तक कर्नाटक में प्रतिदिन 25 किमी की दूरी तय करेगी।

कांग्रेस के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र की विभाजनकारी राजनीति का मुकाबला करने और देश के लोगों को आर्थिक असमानताओं, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक केंद्रीकरण के खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित की जा रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की भावना भारतीयों को धर्म और समुदाय के बावजूद एक साथ लाना है और उन्हें याद दिलाना है कि यह एक देश है। भारत जोड़ो यात्रा में पदयात्रा, रैलियां और जनसभाएं शामिल हैं, जिसमें बाद में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।