Rahul Gandhi in Assam: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ असम में है। इस यात्रा को लेकर राज्य में विवाद देखने को मिल रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और असम पुलिस के बीच झड़प भी सामने आई हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी।

इस पूरे मामले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य के डीजीपी को राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
राहुल गांधी ने FIR को लेकर कहा, ‘असम के मुख्यमंत्री जो कर रहे हैं उससे यात्रा को फायदा मिल रहा है। हमारा प्रचार हो रहा है। इस तरह मुख्यमंत्री और अमित शाह हमारी मदद कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि यह डराने की कोशिश है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। लोग बोल रहे हैं कि जेपी नड्डा गुवाहाटी जा सकते हैं तो राहुल गांधी क्यों नहीं जा सकते? हिमंत देश के सबसे भ्रष्ट सीएम हैं। यहां काफी बेरोजगारी है।’

राहुल ने कहा कि जो प्रचार हमें नहीं मिला होगा, ऐसा करके असम के मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमारी मदद कर रहे हैं। अब, असम में मुख्य मुद्दा यात्रा है। यह उनकी डराने-धमकाने की रणनीति है। न्याय का हमारा संदेश लोगों तक पहुंच रहा है। मंदिर जाने से और यात्रा रोकना इनकी रणनीति है। लोग उनसे पूछ रहे हैं यात्रा जेपी नड्डा और बजरंग दल की चली जाती है, लेकिन हमारी रोक दी जाती है।’

राहुल गांधी ने कहा कि हमें कमजोर मत समझना। हमने बैरिकेड तोड़ दिए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता किसी से नहीं डरते। पार्टी कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी ने ‘बब्बर शेर’ बताया और बोले कि उन्होंने यूनिवर्सिटी में मेरा कार्यक्रम कैंसिल कर दिया, लेकिन छात्रों ने यूनिवर्सिटी के बाहर मेरी बात सुनी। हम असम में भाजपा को हराएंगे और जल्द ही कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। राहुल गांधी ने पुलिस की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि पुलिस सिर्फ उन्हें मिले आदेशों का पालन कर रही है। हम आपके खिलाफ नहीं हैं। हम सीएम के खिलाफ हैं, जो भ्रष्ट हैं, हमारी लड़ाई उनसे है।

असम कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘हमने बैरिकेड तोड़ दिए हैं, जीत हमारी हुई है।’ हालांकि बाद में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अपने तय रूट से आगे बढ़ी और बाईपास से होकर शहर से बाहर निकली।

असम सीएम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि ‘असम एक शांतिपूर्ण राज्य है और इसमें नक्सली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’ भारत जोड़ो न्याय यात्रा अभी गुरुवार तक असम में रहेगी।