Belagavi Congress Session LIVE: इंडिया गठबंधन की अगुवाई कर रही कांग्रेस कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) का अधिवेशन कर रही है। इस अधिवेशन को ‘नव सत्याग्रह बैठक’ नाम दिया गया है। इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें पार्टी साल 2025 का रोडमैप तय करेगी। अधिवेशन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, देश भर के वरिष्ठ पार्टी नेता भाग ले रहे हैं।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अधिवेशन में शामिल नहीं हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपना संदेश भेजा है। सोनिया ने संदेश में कहा है कि महात्मा गांधी हमारे प्रेरणा स्रोत रहे हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने हमारा मार्गदर्शन किया है लेकिन उनकी विरासत को नई दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों से खतरा है। सोनिया ने कहा है कि देश भर में गांधीवादी संस्थानों पर हमला हो रहा है।

CWC के अधिवेशन के बाद 27 दिसंबर को बेलगावी में ‘जय बापू जय भीम जय संविधान’ रैली भी आयोजित की जाएगी जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे। बताना होगा कि कर्नाटक में कांग्रेस के नेतृत्व में ही सरकार चल रही है।

बेलगावी कांग्रेस के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 1924 में महात्मा गांधी ने पार्टी अध्यक्ष के रूप में यहां आयोजित कांग्रेस के अधिवेशन की अध्यक्षता की थी। यह कांग्रेस का एकमात्र अधिवेशन था जिसकी अध्यक्षता गांधी ने पार्टी अध्यक्ष के रूप में की थी। गांधी ने दिसंबर 1924 से अप्रैल 1925 तक कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था। इसके 100 साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस ने बेलगावी में पार्टी का अधिवेशन आयोजित किया है।

Live Updates
20:19 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को संजीवनी दी- जयराम रमेश

Belagavi Congress Session LIVE: सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “…हमारा मानना ​​है कि भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को ‘संजीवनी’ दी और यह कांग्रेस की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ था। इसके बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा हुई और अब 26 जनवरी 2025 को हम एक साल तक चलने वाली ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ शुरू करेंगे।”

19:57 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बड़े पैमाने पर संगठनात्मक सुधार करेंगे- केसी वेणुगोपाल

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने सीडब्ल्यूसी की बैठक के बाद कहा कि हम बड़े पैमाने पर संगठनात्मक सुधार करेंगे और यह काम तुरंत शुरू हो जायेगा।

18:12 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बापू की विरासत को दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों से खतरा- सोनिया गांधी

Belagavi Congress Session LIVE: सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि देश की सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत को खतरा है। उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) को भेजे पत्र में इन ताकतों का मुकाबला करने के लिए अपने संकल्प को फिर से दोहराने का आह्वान भी किया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कार्य समिति की बैठक में उपस्थित नहीं हो सकीं और उन्होंने पत्र में इस पर अफसोस भी जताया।

17:57 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बेलगावी अधिवेशन का विरोध करेगी BJP

Belagavi Congress Session LIVE: कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने बेलगावी में 1924 के कांग्रेस अधिवेशन की शताब्दी मनाने के लिए कथित तौर पर सार्वजनिक धन खर्च किया है जिसे लेकर वह शुक्रवार को यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।

गुरुवार को कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस अब वह नहीं रही जो आजादी से पहले थी और उन्होंने इसे “नकली कांग्रेस” करार दिया।

विजयेंद्र ने कहा, “कांग्रेस करोड़ों करदाताओं के पैसे का उपयोग करके बेलगावी में एक सम्मेलन आयोजित कर रही है, जो सही नहीं है। हम शुक्रवार को बेंगलुरु में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।”

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन “नकली कांग्रेस” द्वारा आयोजित सम्मेलन के खिलाफ भी है। भाजपा विधायक और विधान परिषद सदस्य इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। विजयेंद्र ने आगे कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी और भारतीय संविधान के निर्माता बी आर आंबेडकर के सिद्धांतों को त्याग दिया है।

17:36 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: क्या बोलीं सोनिया गांधी?

Belagavi Congress Session LIVE: सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली में सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत खतरे में है। महात्मा गांधी हमारी प्रेरणा के स्रोत बने रहेंगे।

17:19 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: गांधी जी के आदर्शों को गांव-गांव में हर आदमी के पास पहुंचाएंगे- नासिर हुसैन

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस के राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि 26 दिसंबर 1924 को महात्मा गांधी जी बेलगावी में कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। गांधी जी ने अध्यक्ष बनने के बाद देश के लोगों को एकजुट कर देश की आजादी के आंदोलन का हिस्सा बनाया था। आज जब हमारे देश में सत्ता में बैठे लोग हिंदुस्तान की सभ्यता और गंगा-जमुनी तहजीब को खराब करने में लगे हुए हैं। उस बीच कांग्रेस पार्टी नफरत को रोकने और गांधी जी की विचारधारा को लोगों के बीच में ले जाने के लिए तैयार है। हम यहां पर उस ऐतिहासिक क्षण को याद करेंगे और गांधी जी के आदर्शों को गांव-गांव में हर आदमी के पास पहुंचाएंगे।

16:37 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस की मीटिंग में किन मुद्दों पर चर्चा हुई?

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस की CWC की गुरुवार को बैठक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा उनके आदर्शों का स्मरण करने के साथ ही गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबासाहेब आंबेडकर का कथित तौर पर अपमान किए जाने और कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में विस्तारित कार्य समिति की बैठक उसी स्थान पर हुई है जहां 1924 के कांग्रेस अधिवेशन में महात्मा गांधी को पार्टी अध्यक्ष चुना गया था।

15:46 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बीजेपी आज की ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’, बेलगावी में कांग्रेस के कार्यक्रमों से घबराई- सुरजेवाला

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि बीजेपी महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के 100 साल पूरे होने के अवसर पर बेलगावी में होने वाले कार्यक्रमों से बुरी तरह घबरा गई है। उन्होंने यहां कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से पहले यह दावा भी किया कि भाजपा ‘‘आधुनिक समय की ईस्ट इंडिया कंपनी’’ है जो गांधीवादी विचारधारा के प्रसार से परेशान हो जाती है। विस्तारित कांग्रेस कार्य समिति की यह बैठक पार्टी के बेलगावी अधिवेशन के 100 साल पूरे होने के मौके पर हो रही है।

15:44 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: खड़गे ने ‘नव सत्याग्रह’ बैठक की शुरूआत की

Belagavi Congress Session LIVE: बेलगावी में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तिरंगा फहराकर ‘नव सत्याग्रह’ बैठक की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि हम महात्मा गांधी की विचारधारा और आदर्शों को आत्मसात कर, देश को नई दिशा देने के लिए संकल्पित हैं।

15:15 (IST) 26 Dec 2024
देश को नव सत्याग्रह की है जरूरत: जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि आज सत्ता में बैठे लोग देश में झूठ फैला रहे हैं। उनका काम सिर्फ संविधान का अपमान करना और लोकतंत्र को कमजोर करना रह गया है। इसीलिए, आज देश को नव सत्याग्रह की जरूरत है।

15:09 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बीजेपी ने कांग्रेस पर भारत के गलत मानचित्र वाला बैनर लगाने का आरोप लगाया

Belagavi Congress Session LIVE: बीजेपी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित होने वाली कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक से पहले भारत के गलत मानचित्र वाले स्वागत बैनर लगाए हैं। पार्टी ने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह अमेरिका स्थित अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस जैसी भारत विरोधी ताकतों के ‘‘इशारे’’ पर चल रही है। बीजेपी की कर्नाटक इकाई द्वारा कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक से पहले कर्नाटक में कथित तौर पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए एक बैनर और स्वागत फ्लेक्स की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करने के बाद पार्टी का यह आरोप सामने आया है।

13:57 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: बाबा साहेब का अपमान किया जा रहा – जीतू पटवारी

Belagavi Congress Session LIVE: एमपी कांग्रेस के नेता जीतू पटवारी ने कहा कि आज संविधान, आरक्षण, स्वायत्त संस्थाओं पर हमला हो रहा है, संविधान निर्माता बाबा साहेब का अपमान किया जा रहा है। इस CWC बैठक में हम इन समस्याओं का समाधान निकालेंगे।हम सभी को महात्मा गांधी, बाबा साहेब के विचारों को बचाना है, संविधान को बचाना है। हम सभी साथ मिलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत रखने का काम करेंगे।

13:35 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: खड़गे और राहुल बैठक में शामिल होने पहुंचे

Belagavi Congress Session LIVE: बेलगावी में कांग्रेस पार्टी की मीटिंग में शामिल होने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पहुंच गए हैं। कांग्रेस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बेलगावी में आयोजित इस बैठक में देश के जरूरी मुद्दों पर चर्चा होगी और पार्टी की रणनीतिक दिशा तय की जाएगी। हम महात्मा गांधी और बाबा साहेब की प्रेरणा से मिली नई उर्जा के साथ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे बढ़ेंगे।

13:16 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: इस देश को नव सत्याग्रह की जरूरत – सुप्रिया श्रीनेत

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हमें गर्व है कि हम उस पार्टी का हिस्सा हैं, जिसने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी और जिसके अध्यक्ष महात्मा गांधी जी रहे। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद महात्मा गांधी जी ने देश को एकजुट रखने और अंग्रेजों से आजाद कराने का खाका खींचा था। हम सभी उस ऐतिहासिक पल के शताब्दी वर्ष के मौके पर बेलगावी आए हैं।

उन्होंने कहा कि आज इस देश को नव सत्याग्रह की जरूरत हैं, क्योंकि देश में भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। बाबा साहेब का अपमान किया जा रहा है और देश के दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के साथ अन्याय हो रहा है। सत्य और साहस के बल पर खड़ी कांग्रेस पार्टी को फक्र है कि आज से 100 साल पहले महात्मा गांधी जी हमारे अध्यक्ष चुने गए थे।

13:13 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: गांधी व्यक्ति नहीं विचार हैं- अमित चावड़ा

Belagavi Congress Session LIVE: बेलगावी में कांग्रेस पार्टी के नेता अमित चावड़ा ने कहा कि गांधी व्यक्ति नहीं, विचार हैं। गांधी अतीत नहीं, भविष्य हैं। उन्होंने कहा- गांधी जी के विचार सदियों तक जिंदा रहेंगे। उन्हीं विचारों को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस पार्टी बेलगावी में एकजुट हुई है। 100 साल पहले यहीं पर महात्मा गांधी जी कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे और उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ पूरे देश को एकजुट किया था। इतिहास में 26 दिसंबर 1924 की तारीख पहले से ही दर्ज है और आने वाले समय में 26 दिसंबर 2024 का ‘नव सत्याग्रह’ भी इतिहास में दर्ज होगा।

13:11 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस सदस्यों के लिए एक अनूठा उत्सव- बीके हरिप्रसाद

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस नेता हरिप्रसाद बीके ने कहा कि बेलगावी में हम महात्मा गांधी के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के 100 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस शहर ने कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किए गए कुछ प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत की। महात्मा गांधी के नेतृत्व में बेलगावी अधिवेशन ने कांग्रेस पार्टी की स्वतंत्रता के लिए निरंतर लड़ाई को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बेलगावी में महात्मा गांधी ने अस्पृश्यता के खिलाफ आंदोलन शुरू किया और उनके नेतृत्व में सामाजिक कार्य करने के लिए 1924 में सेवादल की स्थापना की। यह उत्सव लोगों, खासकर कांग्रेस सदस्यों के लिए एक अनूठा उत्सव है।

13:09 (IST) 26 Dec 2024
Belagavi Congress Session LIVE: आज का दिन कांग्रेस पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है- सुखजिंदर सिंह रंधावा

Belagavi Congress Session LIVE: कांग्रेस पार्टी के नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि आज का दिन कांग्रेस पार्टी और देश की आजादी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। महात्मा गांधी ने बेलगावी में देश की आजादी का आह्वान किया था। उसके बाद देश भर में मुहीम चली, लोगों ने कुर्बानियां दीं, धरने हुए और अंग्रेजी हुकूमत को देश छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि आज BJP संविधान पर हमला कर रही है, बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान कर रही है। जैसे ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत आकर देश को लूटा उसी तरह से अडानी जैसे लोग भारत को लूट रहे हैं।

10:57 (IST) 26 Dec 2024
अमित शाह पर हमलावर रहेगी कांग्रेस

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि इस अधिवेशन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के द्वारा संविधान निर्माता डॉक्टर बीआर आंबेडकर को लेकर की गई टिप्पणी पर भी पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। कांग्रेस ने कहा है कि इस टिप्पणी के लिए गृहमंत्री को उनके पद से हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस शाह की टिप्पणी को लेकर देश भर में प्रदर्शन कर रही है।