अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। 22 जनवरी को उद्घाटन के बाद से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वहीं, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दो लाख से अधिक लोगों को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराएंगी। सभी दर्शनार्थियों को अमेठी से बस से अयोध्या भेजा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि ने शनिवार को बताया कि तीन लाख से अधिक घरों तक प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसाद पहुंचाने का लक्ष्य सुनिश्चित कर घर-घर प्रसाद पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता कहा, ‘‘अमेठी की सांसद स्मृति ईरानी के निर्देश पर उत्थान सेवा संस्थान द्वारा अमेठी संसदीय क्षेत्र के तीन लाख परिवारों तक प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसाद पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है।’’
दो लाख श्रद्धालुओं को कराया जाएगा राम मंदिर दर्शन
प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘फरवरी के पहले हफ्ते में संसदीय क्षेत्र के दो लाख से अधिक लोगों को अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा पर बस से भेजा जाएगा और सभी को प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जाएंगे।’’ विजय गुप्ता ने बताया कि पहले 40 हजार से अधिक लोगों को अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा करवाने की योजना थी लेकिन मांग को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को दर्शन के लिए भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जरूरत पड़ने पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं को भी दर्शन कराया जा सकता है। श्रवण यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं।’’
गणतंत्र दिवस पर 3.25 लाख श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में दर्शन किए
वहीं, गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को 3.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में दर्शन किए। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा समारोह के एक दिन बाद मंदिर को आम जनता के लिए खोला गया था। अधिकारियों के मुताबिक पहले दिन लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने राज्य के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार अयोध्या पहुंचे।
क्या है राम मंदिर में आरती और दर्शन का समय?
एक आधिकारिक बयान के अनुसार प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के बाद से मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन और अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवागमन व्यवस्थाओं को लेकर नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इसी क्रम में प्रमुख सचिव (गृह) द्वारा अयोध्या भ्रमण किया गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने आरती और दर्शन की समय सूची जारी की है।
विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा के अनुसार रामलला की मंगला आरती साढ़े चार बजे, श्रृंगार आरती सुबह साढ़े छह बजे होगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद श्रद्धालु सात बजे से दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद भोग आरती दोपहर बारह बजे, संध्या आरती शाम साढ़े सात बजे तथा रात्रि नौ बजे भोग आरती और शयन आरती रात दस बजे होगी। शर्मा ने बताया कि सुबह मंगला आरती के दौरान मंदिर के कपाट आम दर्शनार्थियों के लिए बंद रहेंगे।