अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पहले दो दिनों में ही 7.5 लाख से अधिक लोग रामलला के दर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को भी सुबह से ही एक किलोमीटर से अधिक लंबी दो लाइनें लगी हुई हैं। इस दौरान राम भक्त दिल खोलकर दान भी दे रहे हैं। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन 10 दान काउंटर खोले गए थे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहले ही दिन 3.17 करोड़ रुपये का चढ़ावा आया है। इसमें दान काउंटर और ऑनलाइन दान शामिल है।

बुधवार को 2.5 लाख लोगों ने किए दर्शन

मंगलवार को 5 लाख से अधिक लोगों ने राम लला के दर्शन किए। वहीं बुधवार को रात 10 बजे तक 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। हालांकि बुधवार को मंदिर ट्रस्ट को कितना दान मिला इसकी जानकारी दानपात्र खुलने के बाद सामने आएगी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए क्यू आर कोड लगाए गए हैं। इससे भक्त ऑनलाइन दान दे सकते हैं। भीषण ठंड का भी रामभक्तों पर असर दिखाई नहीं दे रहा है। ठंड में भी लोग घंटों तक लाइन में लग रहे हैं।

10 दिन तक VIP से ना आने की अपील

अयोध्या में भारी भीड़ के कारण यूपी सरकार ने VIP से अयोध्या ना आने की अपील की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ खुद पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बुधवार को एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार और प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद खुद अयोध्या में मौजूद रहकर क्राउड मैनेजमेंट पर नजर रख रहे थे। 31 जनवरी से बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पूरी कैबिनेट के साथ रामलला के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।