Congress Crisis: राजस्थान में कांग्रेस आंतरिक कलह का सामना कर रही है। पार्टी के विधायकों ने सीएम अशोक गहलोत के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। वहीं राजस्थान के हालात से जूझ रही कांग्रेस को असम से भी पार्टी में आपसी झड़प की खबर मिली है। दरअसल असम के धुबरी जिले में सोमवार(26 सितंबर) को भारत जोड़ो यात्रा को लेकर एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो समूह आपस में भिड़ गए।

सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग:

झड़प के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अजय शर्मा नाम के एक यूजर ने लिखा, “कांग्रेस जोड़ो यात्रा कर लेता तो भारत जोड़ो यात्रा की जरूरत नही होती।” वहीं विपुल सहगल ने लिखा, “भारत जोड़ो यात्रा का मजाक बन गया है।”

असम में भारत जोड़ो यात्रा एक नवंबर को प्रस्तावित है। अभी तक इस यात्रा ने केरल में 18 दिन पूरे कर लिए हैं। वहीं असम में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की आपसी झड़प को लेकर द इंडियन एक्सप्रेस से स्थानीय कांग्रेस विधायक वजेद अली चौधरी ने कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा पर चर्चा के दौरान एक गुट ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाए।”

चौधरी ने कहा कि जब उन्होंने अपना मुद्दा उठाया तो हमारी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया और झड़प की स्थिति बन गई। उन्होंने कहा कि धुबरी जिले कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में कोई कलह नहीं है, सभी एकजुट हैं। चौधरी ने आगे कहा कि हमने जिला अध्यक्ष के खिलाफ आरोप लगाने वाले गुट से कहा कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दे पर चर्चा करेंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में इसका हल निकालेंगे।

बता दें कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा 150 दिन में पूरे 3500 किमी का सफर तय करेगी। इस यात्रा को लेकर हाल ही में राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी और आरएसएस भारत की आत्मा, उसके विचारों को विभाजित करने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि यह देशहित में नहीं है।

बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर से तमिलनाडु से शुरू हुई है और यह देश के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। वहीं 30 सितंबर को कर्नाटक चरण में प्रवेश करेगी। इस दौरान सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा के भी भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।