BJP vs Congress: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में राहुल गांधी को एक कार्टून कैरेक्टर के रूप में दिखाया गया है। जिसके बाद कांग्रेस ने शर्मा पर पलटवार करते हुए उनका एक 12 साल पुराना ट्वीट शेयर किया है, जिसमें असम के सीएम ने राहुल गांधी की तारीफ की है।
कांग्रेस ने साल 2010 में हिमंता बिस्वा शर्मा की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ में किए गए एक ट्वीट को पोस्ट किया है। दरअसल, हिमंता बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए ट्वीट में भविष्यवाणी की थी कि राहुल गांधी सही समय आने पर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
राहुल गांधी की तारीफ: कांग्रेस नेता मनिकम टैगोर ने हिमंता बिस्वा शर्मा के ट्वीट्स का एक कोलाज शेयर किया है। इसमें एक तरफ राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए शुक्रवार का पोस्ट है तो दूसरी तरफ 2010 में राहुल गांधी की तारीफ में ट्वीट का स्क्रीनशॉट है।
इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए लिखा है, “प्रिय नरेंद्र मोदी जी, हिमंता बिस्वा शर्मा किसे धोखा दे रहे हैं? उनका ट्रैक रिकॉर्ड दिख रहा है। उनसे सावधान रहें। मुझे पता है कि आप उन्हें धोखा नहीं देने देंगे।”
दरअसल, असम के मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को राहुल गांधी का एक पैरोडी वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्हें कार्टून कैरेक्टर के रूप में मजाकिया जिंगल गाते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद ही कांग्रेस ने पलटवार किया है।
भारत जोड़ो यात्रा का कोई मतलब नहीं: इससे पहले हिमंता बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को पाकिस्तान से शुरू करने की सलाह दी थी। कांग्रेस की इस यात्रा से जुड़े सवाल पर हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा था कि भारत जुड़ा हुआ है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक देश है। हम लोग जुड़े हुए हैं। अगर राहुल गांधी के मन में कोई माफी है, तो उन्हें पाकिस्तान को भारत में जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए और पाकिस्तान से भारत जोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में भारत जोड़ो यात्रा करने का कोई मतलब नहीं है।
असम सीएम के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने उन्हें अपरिपक्व और बचकाने बयान देने वाला कहा था। कांग्रेस नेता ने कहा, “मैं उन्हें गंभीरता से नहीं लेता। क्योंकि 20-25 साल तक कांग्रेस का हिस्सा रहने के बाद अब उन्हें हर दिन अपनी निष्ठा- भक्ति दिखाने की जरूरत है। वो बीजेपी में आए प्रवासी हैं इसलिए उन्हें हर दिन अपमानजनक बयान देने पड़ते हैं।”