दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि 2 जून को तिहाड़ से लौटने पर उनका इस्तीफा देने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वे लोकतंत्र को जेल में डालेंगे, तो हम उन्हें जेल से लोकतंत्र चलाकर दिखाएंगे। केजरीवाल ने दावा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में लौटी तो चुनाव नहीं होंगे या रूस, बांग्लादेश और पाकिस्तान में होने वाले चुनावों की तरह भी होंगे।

सभी विपक्षी नेता जेल में होंगे- अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “अगर वे (बीजेपी) जीतते हैं, तो ममता बनर्जी, राहुल गांधी, पिनाराई विजयन, एमके स्टालिन, सभी जेल में होंगे और फिर चुनाव नहीं होंगे। उन्हें समझना चाहिए कि वे लोकतंत्र को अत्याचार में बदल रहे हैं।” आप को ‘इतिहास में अब तक का सबसे सताया हुआ राजनीतिक दल’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके सदस्यों पर 250 से अधिक ‘फर्जी मामले’ लगाए गए हैं और 130 से ज़्यादा मामलों में हम बरी हो चुके हैं।

अरविंद केजरीवाल ने चुनावी बांड को ‘स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला बताया और कहा कि यह सिर्फ एक नहीं बल्कि कई घोटाले हैं। उन्होंने कहा, “अगर इंडिया गठबंधन सरकार बनाता है, तो पहले 100 दिनों में सभी चुनावी बांड चंदे की जांच की जाएगी।”

केजरीवाल ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बात करते हुए कहा, “मैं दिल्ली में बड़े पैमाने पर प्रचार कर रहा हूं और पंजाब, कुरूक्षेत्र, भिवंडी, मुंबई, लखनऊ और जमशेदपुर की यात्रा भी कर चुका हूं। मैंने बहुत सारे लोगों से बात की है। महंगाई और बेरोजगारी से बहुत परेशानी और गुस्सा है। लेकिन प्रधानमंत्री जी उस बारे में बात नहीं कर रहे हैं। मुंबई में उन्होंने कहा कि शरद पवार भटकती आत्मा हैं, उद्धव ठाकरे अपने पिता की नकली संतान हैं और इंडिया गठबंधन आपका मंगलसूत्र छीन लेगा। लोग अपनी समस्याओं का समाधान तो चाहते हैं लेकिन असल मुद्दों पर बात नहीं कर रहे हैं।”

AAP के लिए सत्ता महत्वपूर्ण नहीं- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा, “AAP के लिए सत्ता महत्वपूर्ण नहीं। यह महत्वपूर्ण नहीं है कि हम सरकार में रहें या बाहर रहें। ये तो वक्त ही तय करेगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं हमारी सभी गारंटी पूरी करवाने की गारंटी लेता हूं। ये गारंटी सामान्य मानवी के जीवन को छूती हैं।”