आबकारी नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को ED ने गिरफ्तार किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक्साइज पॉलिसी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अपने कार्यालय ले गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पद पर रहने के दौरान किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया, “डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।” उन्होंने दावा किया, “मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज’ करना भी असुरी शक्ति के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। इंडिया गठबंधन इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।” वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाना गलत और असंवैधानिक है।

केजरीवाल के परिवार से मिलेंगे राहुल गांधी

वहीं, दूसरी ओर केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राहुल गांधी ने उनके परिवार से संपर्क साधा है। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा सूत्रों के हवाले से दी गई इस जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी ने केजरीवाल के परिवार से संकट के समय में हर तरह की मदद की बात गई है। सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल या उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें कानूनी सहायता की पेशकश कर सकते हैं।

भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी- मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि एक डरा हुआ तानाशाह मरा हुआ लोकतंत्र चाहता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘X’ पोस्ट किया, “रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से कमज़ोर करने की कोशिश कर रही है। ” उन्होंने कहा, “अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के बैंक खातों को ‘फ्रीज’ नहीं किया जाता। विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। ” खड़गे ने दावा किया कि भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि वक्त है बदलाव का ! अबकी बार, सत्ता के बाहर !!”

लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के बीच केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आप ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आप ने कहा, ‘‘केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जरूरत पड़ने पर, वह जेल से सरकार चलाएंगे।’’ हालांकि, भाजपा ने नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे की मांग की है।

ऐसे हुई सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी

अधिकारियों ने बताया कि दिन में ईडी के एक अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में एजेंसी की 10 सदस्यीय टीम सिविल लाइंस स्थित केजरीवाल के सरकारी आवास पर पहुंची और तलाशी ली। मुख्यमंत्री आवास पर ईडी की टीम के पहुंचने के दो घंटे से अधिक समय बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने गिरफ्तार करने से पहले केजरीवाल से कुछ देर तक पूछताछ की। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान कुछ जब्तियां भी की गयीं। अधिकारियों के अनुसार एजेंसी अरविंद केजरीवाल को रात करीब 11.30 पर एसयूवी गाड़ी से मध्य दिल्ली में अपने कार्यालय लेकर पहुंची। गाड़ी में उनके साथ तीन ईडी अधिकारी थे। उन्होंने बताया कि ईडी द्वारा बुलायी गयी चिकित्सकों की एक टीम ने केजरीवाल का चेकअप किया और अदालत में पेश करने से पहले उन्हें हिरासत में ले लिया।

ईडी इस मामले में अबतक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और 128 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुकी है। केजरीवाल मामले में पूछताछ के लिए एजेंसी द्वारा जारी किये गये नौ समन को टाल चुके थे। इनमें नया समन बृहस्पतिवार 21 मार्च को जारी किया गया। उन्होंने इन समन को ‘अवैध’ करार दिया है।