केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित AIIMS अस्पताल में भर्ती हैं। संसद सत्र से पहले वह मेडिकल चेकअप के लिए वहां गए थे। हालांकि, इसे लेकर शनिवार को विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि उनकी तबीयत गड़बड़ हुई है, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचे। बता दें कि अमित शाह ने 2 अगस्त को ट्वीट कर बताया था कि उन्हें कोरोना हो गया है।

हालांकि, रविवार को एम्स ने प्रेस रिलीज जारी कर असल बात बताई। एम्स की मीडिया एंड प्रोटोकॉल डिविजन की चेयरपर्सन की ओर से उस लेटर में कहा गया था, “शाह को कोरोना के बाद की देखभाल (Post-COVID Care) के लिए 30 अगस्त को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। अस्पताल में छुट्टी के दौरान उन्हें सलाह दी गई थी कि वह पूरे मेडिकल चेकअप के लिए हॉस्पिटल आएं। वह उसी के तहत संसदीय सत्र के पहले एक-दो दिनों के लिए मेडिकल चेकअप कराने आए हैं।”

Live Blog

21:00 (IST)14 Sep 2020
अमित शाह के बयान का विरोध

गृहमंत्री अमित शाह ने राजभाषा हिंदी को देश की साझा भाषा के रूप में इस्तेमाल करने पर तमिलनाडु, कर्नाटक में कड़ी आलोचना की गई। दक्षिण भारतीय नेताओं ने अमित शाह के बयान को जबरन हिंदी थोपने जैसा बताया। डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने अमित शाह पर कटाक्ष किया। स्टालिन ने कहा, शाह हिंदी को बचाने के बजाय कोविड-19 महामारी से भारतीयों को बचाएं।

18:48 (IST)14 Sep 2020
किसी देश की सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (ने हिंदी दिवस के मौके पर सरकारी कामकाज को अनुवाद की अपेक्षा मूल रूप से हिंदी में करने पर जोर दिया। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत एक संसाधन-संपन्न शक्तिशाली देश के रूप में उभर रहा है। इसमें देश की समृद्ध भाषा हिंदी का बहुत बड़ा योगदान है। शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘हिंदी भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है। एक देश की पहचान उसकी सीमा और भूगोल से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी पहचान उसकी भाषा है। सांस्कृतिक और भाषाई विविधता से भरे भारत में ‘हिंदी’ सदियों से पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम कर रही है।’

17:14 (IST)14 Sep 2020
अमित शाह को 2 अगस्त को हुआ था कोरोना

बता दें कि संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो अगस्त को ट्वीट कर कहा था कि उन्होंने कोविड-19 की जांच कराई थी। जो पॉजिटिव आई है। इसके बाद अमित शाह का मेदांता अस्पताल में इलाज हुआ। इलाज के बाद शाह की फिर से कोविड-19 की जांच की गई, जो निगेटिव आई। इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

16:12 (IST)14 Sep 2020
पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण के बीच संपर्क बनाए रखने में हिंदी ने निभाई अहम भूमिका, बोले अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर देशवासियों को हिंदी दिवस की बधाई दी। शाह ने लिखा, संस्कृति और विविधता से भरे इस गौरवशाली देश में पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण के बीच कई भाषाओं ने सदियों से संपर्क बनाए रखने का काम किया है। हिंदी इसमें प्रमुख भाषा रही है। देश के कई नेताओं ने समय-समय पर हिंदी के योगदान को सराहा है। हिंदी ने भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया है। हिंदी भाषा और बाकी सारी भाषाओं ने मिलकर भारत की सांस्कृतिक विविधता को आगे ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। ब्रज, बुंदेलखंडी, अवधी, अन्य भाषाएं और बोलियां इसका उदाहरण हैं। हिंदी हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम के समय से राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी और शक्तिशाली माध्यम रही है।

15:06 (IST)14 Sep 2020
भारत में 11 सितंबर तक कोविड-19 के 45.62 लाख मामले, 76,271 लोगों की मृत्यु हुई :हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने सोमवार को कहा कि भारत में 11 सितंबर तक नोवेल कोरोना वायरस के कुल 45,62,414 मामले आए और 76,271 लोगों की संक्रमण से मृत्यु हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि संक्रमण से मृत्यु दर 1.67 प्रतिशत है। हर्षवर्धन ने लोकसभा में कहा कि अब तक 35,42,663 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं और यह संख्या कुल मामलों का 77.65 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि संक्रमण और उससे मौत के सर्वाधिक मामले मुख्यत: महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, असम, केरल और गुजरात से आये हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी राज्यों में मामलों की संख्या अलग-अलग एक लाख से अधिक है।’’ हर्षवर्धन ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या 2.79 करोड़ से अधिक है और संक्रमण से 9.05 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कहा कि दुनिया में संक्रमण से मृत्यु की दर 3.2 प्रतिशत है।

14:45 (IST)14 Sep 2020
पहली बार लोकसभा सदस्य बैठे राज्यसभा चैंबर में, सामाजिक दूरी सुनिश्चित करते हुए सत्र शुरू हुआ

कोरोना वायरस महामारी से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सोमवार को संसद के मानसून सत्र का प्रारंभ हुआ। इस दौरान पहली बार लोकसभा के सदस्यों ने राज्यसभा में बैठकर सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिया । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सामाजिक दूरी की अनुपालना के मद्देनजर लोकसभा के सदस्यों को उच्च सदन में बैठने की अनुमति देने और राज्यसभा के सदस्यों को निचले सदन में बैठना सुगम बनाने के लिये नियमों एवं प्रक्रियाओं में ढील दी गई है । सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक हुई जबकि राज्यसभा की कार्यवाही अपराह्न 3 बजे से शाम 7 बजे तक होनी है। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के हिस्से के तहत दोनों सदनों के चैम्बरों और दीर्घाओं को उस समय लोकसभा का हिस्सा माना जायेगा जब इस सदन की कार्यवाही चल रही होगी।

14:45 (IST)14 Sep 2020
कोविड-19 रोगियों के ठीक होने के मामले में भारत ने ब्राजील को पीछे छोड़ा

भारत ने कोविड-19 रोगियों के ठीक होने की संख्या के मामले में सोमवार को ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। देश में अब तक 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय के आकड़ों में यह जानकारी दी गई है। आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में अब तक कुल 2,90,06,033 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 1,96,25,959 लोग ठीक हो चुके हैं। दुनियाभर में कोविड-19 से अब तक 9,24,105 लोगों की मौत हो चुकी है। दुनियाभर के कोविड-19 के आंकड़ों का संकलन कर रहे जॉन हॉपकिंस विश्वविद्यालय की तालिका के अनुसार भारत में 37,80,107 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं और वह पहले पायदान पर है। दूसरे स्थान पर ब्राजील (37,23,206) और तीसरे पर अमेरिका (24,51,406) है।

12:33 (IST)14 Sep 2020
पत्रकार का ट्वीट- क्यों अमित शाह के स्वास्थ्य पर पारदर्शिता चाहता है भारत, क्योंकि...
11:41 (IST)14 Sep 2020
सबसे ज्यादा किस सूबे में हैं केस?

भारत में पिछले 24 घंटों में 77,512 रिकवरी दर्ज़ की गई। कुल रिकवरी की संख्या 37,80,107 है और रिकवरी रेट 78% है। 60% से ज्यादा सक्रिय मामले 5 राज्यों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में केंद्रित हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय

11:21 (IST)14 Sep 2020
देश में कोरोना के केस 48 लाख के पार

भारत में कोविड-19 के 92,068 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 48,46,424 हुई, मृतक संख्या 79,722 तक पहुंची। यह जानकारी सोमवार सुबह देते हुए केंद्र सरकार ने बताया- देश में अभी 9,86,595 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि अब तक इस महामारी से 37,80,107 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।

10:09 (IST)14 Sep 2020
अमित शाह ने दी हिंदी दिवस की शुभकामनाएं

गृह मंत्री अमित शाह ने हिंदी दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कुछ सिलसिलेवार ट्वीट्स में उन्होंने कहा- सुबह आज हिंदी दिवस के अवसर पर मैं इसके सशक्तिकरण में योगदान देने वाले सभी महानुभावों को नमन करता हूँ और देशवासियों से यह आवाहन भी करता हूँ कि अपनी मातृभाषा के साथ-साथ हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग कर उनके संरक्षण व संवर्धन में अपना योगदान देने का संकल्प लें। हिंदी दिवस की शुभकामनाएं।

अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा- हिंदी भारतीय संस्कृति का अटूट अंग है। स्वतंत्रता संग्राम के समय से यह राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी व शक्तिशाली माध्यम रही है। हिंदी की सबसे बड़ी शक्ति इसकी वैज्ञानिकता, मौलिकता और सरलता है। मोदी सरकार की नयी शिक्षा नीति से हिंदी व अन्य भारतीय भाषाओं का समांतर विकास होगा।

09:34 (IST)14 Sep 2020
एम्स में कहां रखे गए हैं शाह?

बताया जा रहा है कि शाह को एम्स अस्पताल के कार्डियो न्यूरो टावर में भर्ती कराया गया है। शाह ने इससे पहले 11 सितंबर को ही उन्होंने अहमदाबाद जिला और शहर में ₹222.17 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वह इसके पहले भी खासा एक्टिव थे। उन्होंने पीएम आवास योजना को लेकर मोदी सरकार की तारीफ करते हुए ट्वीट भी किया था।

08:02 (IST)14 Sep 2020
हाल ही में कोरोना से उबरे थे गृह मंत्री

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संसद सत्र शुरू होने से पहले संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए एम्स में एक-दो दिन के लिए भर्ती कराया गया है। वह हाल ही में कोविड-19 से उबरे थे।
अस्पताल के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। शाह को अस्पताल में शनिवार रात 11 बजे भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 55 वर्षीय शाह को कोविड-19 से उबरने के पश्चात की देखभाल के लिए 18 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 31 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दी गयी थी।

06:23 (IST)14 Sep 2020
कोविड-19 से उबरने के पश्चात की देखभाल के लिए 18 अगस्त को भी भर्ती हुए थे शाह

अखिल भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान (एम्स) के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 55 वर्षीय अमित शाह को कोविड-19 से उबरने के पश्चात की देखभाल के लिए 18 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 31 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दी गयी थी।

05:40 (IST)14 Sep 2020
संसद का मानसून सत्र आज से, गृहमंत्री नहीं हो पाएंगे शामिल

आज से संसद का मानसून सत्र आरंभ हो रहा है। खास बात यह है कि इस सत्र की शुरुआत में ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन की बैठक में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं।

04:40 (IST)14 Sep 2020
दो सप्ताह पहले ही अस्पताल से घर लौटे थे

एम्स में दोबारा भर्ती होने से ठीक दो सप्ताह पहले ही अमित शाह एम्स से इलाज कराकर घर लौटे थे। इस बीच वह घर में ही स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे। अस्पताल आने से पहले उन्होंने कई ट्वीट कर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी थी।

03:41 (IST)14 Sep 2020
शाह ने दो अगस्त को ट्विटर पर जानकारी दी थी कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं

अमित शाह ने दो अगस्त को ट्विटर पर जानकारी दी थी कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उनका उपचार मेदांता अस्पताल में हुआ और संक्रमणमुक्त होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

02:04 (IST)14 Sep 2020
सिर्फ रूटीन जांच के लिए गृहमंत्री को एम्स में भर्ती कराया गया

एम्स ने एक वक्तव्य में कहा, ‘‘अस्पताल से छुट्टी के वक्त दी गई सलाह के मुताबिक संसद सत्र शुरू होने से पहले संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए उन्हें अस्पताल में एक-दो दिन के लिए भर्ती कराया गया है।’’ यह रूटीन जांच है। संसद का मानसून सत्र सोमवार से आरंभ होने जा रहा है।

23:54 (IST)13 Sep 2020
शाह को एक-दो दिन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संसद के मानसून सत्र के शुरू होने से पहले उनकी संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए एम्स में एक-दो दिन के लिए भर्ती कराया गया है।

23:25 (IST)13 Sep 2020
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रघुवंश प्रसाद सिंह को गरीबों और वंचितों का सच्चा मसीहा बताया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि गरीबों तथा वंचित वर्गों के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। सिंह का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ मुझे बिहार के वरिष्ठ राजनेता रघुवंश बाबू के निधन की सूचना से अत्यंत दु:ख हुआ। उनका पूरा जीवन लोहिया जी और कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों के प्रति समर्पित रहा।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ओम शांति।’’  

22:31 (IST)13 Sep 2020
शाह के स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों में बेचैनी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दोबारा अस्पताल में भर्ती होने की सूचना से देशभर में बेचैनी है। पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक उनकी तबीयत को लेकर लगातार जानकारी जुटा रहे हैं और भगवान से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पार्टी के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं ने भी उम्मीद जताई है कि शाह जल्द स्वस्थ होकर देश सेवा में जुट जाएंगे। 

21:36 (IST)13 Sep 2020
शाह का मेदांता में भी हो चुका है इलाज

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 2 अगस्त को ट्विटर पर जानकारी दी थी कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उनका उपचार मेदांता अस्पताल में हुआ और संक्रमणमुक्त होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।

21:03 (IST)13 Sep 2020
इससे पहले 18 अगस्त को भी हुए थे एम्स में भर्ती

एम्स  के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 55 वर्षीय शाह को कोविड-19 से उबरने के पश्चात की देखभाल के लिए 18 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 31 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दी गयी थी।

20:33 (IST)13 Sep 2020
शाह ने रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि गरीबों तथा वंचित वर्गों के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा। सिंह का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया।

19:59 (IST)13 Sep 2020
रामविलास पासवान बोले- आप जल्द ठीक हों

गृहमंत्री के एम्स में भर्ती होने की खबर के बाद कई दलों के नेता उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा, 'अमित शाह जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर से प्रार्थना है आप जल्द से जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ हों।'

19:26 (IST)13 Sep 2020
फुल बॉडी चेकअप की दी गई थी सलाह

एम्स के मीडिया और प्रोटोकॉल विभाग के मुताबिक, अमित शाह को इससे पहले जब 30 अगस्त को एम्स से डिस्चार्ज किया गया था तब उन्हें फुल बॉडी चेकअप की सलाह दी गई थी।

18:38 (IST)13 Sep 2020
ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले-ठीक होकर देश की सेवा में जुट जाएं

बीजेपी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'गृहमंत्री अमित शाह के एम्स में भर्ती होने का समाचार मिला। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ हों और देश की सेवा में पुनः पुरानी ऊर्जा के साथ जुट जाएं।'

17:58 (IST)13 Sep 2020
भाजपा सांसद सीएम रमेश ने शाह के स्वस्थ होने की प्रार्थना

भाजपा सांसद सीएम रमेश ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह की सलामती और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। रमेश ने अपने ट्वीट में लिखा मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबे जीवन के लिए भगवान बालाजी से प्रार्थना करता हूं।

17:22 (IST)13 Sep 2020
सीएम नारायणसामी ने की स्वस्थ होने की कामना

पु्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने अमित शाह के स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मुझे पता चला कि माननीय गृह मंत्री अमित शाह ने मेडिकल जांच के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

16:45 (IST)13 Sep 2020
भर्ती होने से पहले पीएम आवास योजना को लेकर किया था ट्वीट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एम्स में भर्ती होने से पहले पीएम आवास योजना को लेकर ट्वीट किया थी। शाह ने लिखा था कि पीएम आवास योजना गरीबों को समाज में सम्मान व गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार देकर उन्हें सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। 2022 तक हर व्यक्ति के सर पर छत पीएम मोदी जी का लक्ष्य है, इसी सपने को साकार करने की दिशा में मोदी सरकार दिन-रात प्रयासरत है।

16:07 (IST)13 Sep 2020
संसद सत्र शुरू होने से पहले जांच के लिए भर्ती

एम्स ने एक वक्तव्य में कहा, ‘‘अस्पताल से छुट्टी के वक्त दी गई सलाह के मुताबिक अब संसद सत्र शुरू होने से पहले संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए उन्हें अस्पताल में एक-दो दिन के लिए भर्ती कराया गया है। संसद का मानसून सत्र सोमवार से आरंभ होने जा रहा है।

15:20 (IST)13 Sep 2020
क्या है इस वक्त देश में कोरोना पर फैटिलिटी रेट?

कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की दर में और कमी आई है तथा यह घटकर 1.65 फीसदी रह गई है। आंकड़ों के मुताबिक देश में फिलहाल कोरोना वायरस संक्रमण से पीड़ित 9,73,175 मरीजों का इलाज चल रहा है जो संक्रमण के कुल मामलों का 20.47 फीसदी है।

15:10 (IST)13 Sep 2020
2 अगस्त को थी कोरोना संक्रमित होने की जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 अगस्त को कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात जानकारी दी थी। इसके बाद 14 अगस्त को अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

14:18 (IST)13 Sep 2020
इससे पहले कब एम्स में भर्ती हुए थे शाह?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संसद सत्र शुरू होने से पहले संपूर्ण चिकित्सा जांच के लिए एम्स में एक-दो दिन के लिए भर्ती कराया गया है। वह हाल ही में कोविड-19 से उबरे थे। अस्पताल के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। शाह को अस्पताल में शनिवार रात 11 बजे भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 55 वर्षीय शाह को कोविड-19 से उबरने के पश्चात की देखभाल के लिए 18 अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें 31 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दी गयी थी।

13:51 (IST)13 Sep 2020
AIIMS में भर्ती होने के बाद शाह का पहला ट्वीट, रघुवंश बाबू को किया याद

13:05 (IST)13 Sep 2020
पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का दिल्ली एम्स में निधन

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उनके एक करीबी सहयोगी ने यह जानकारी दी। एम्स में इलाज के दौरान रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ रहे केदार यादव ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सिंह का सुबह करीब 11 बजे सांस लेने में कठिनाई और अन्य जटिलताओं के कारण निधन हो गया। यादव ने बताया कि सिंह के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। सिंह की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि सिंह (74) का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पटना लाया जाएगा।

11:42 (IST)13 Sep 2020
क्या कहा AIIMS ने?

11:41 (IST)13 Sep 2020
बिहार चुनाव में बीजेपी की रणनीति और नतीजों पर पड़ेगा असर?

गृह मंत्री का स्वास्थ्य ऐसे वक्त पर खराब हुआ है, जब कुछ ही दिनों बाद बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। भले ही वह बीजेपी चीफ हों, मगर चुनावी रणनीतियों में उनका खासा दखल रहता है।

ऐसे में माना जा रहा है कि अस्पताल में रहने की वजह से चुनावी रणनीतियों में उनकी काम और विचारों की छाप देखने को मिलने की उम्मीद कम है। हो सकता है कि इससे बिहार के चुनावी घटनाक्रम और नतीजों पर भी असर पड़े। बता दें कि सूबे में JDU और BJP मिलकर चुनाव लड़ रही हैं।

11:04 (IST)13 Sep 2020
एशियाई चैंपियन्स लीग की शुरुआत से पहले कोरोना वायरस के सात मामले

एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) की एशियाई चैंपियन्स लीग (एसीएल) की बहाली को झटका लगा जब टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली टीमों के कतर में परीक्षण में सात कोरोना वायरस पॉजिटिव मामले सामने आए। एएफसी ने शनिवार को पुष्टि की कि सऊदी अरब के अल हिलाल क्लब के पांच खिलाड़ी और एक अधिकारी तथा कतर की टीम अल दुहेल का एक खिलाड़ी संक्रमित पाया गया है। पश्चिम क्षेत्र की स्पर्धा सोमवार को दोबारा शुरू होगी जिसमें कतर, सऊदी अरब, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और उज्बेकिस्तान के क्लब कतर में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में चुनौती पेश करेंगे।

10:56 (IST)13 Sep 2020
कवि कुमार विश्वास ने भी जल्द ठीक होने की कामना की