देश के कई राज्यों में ठंड का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई शहरों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इसी बीच खबर आ रही है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण एक डबल डेकर बस अपना नियंत्रण खो बैठी और डिवाइजर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इसके अलावा एक के बाद एक 6 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस टक्कर के कारण पीछे आने वाली गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं।
24 से अधिक यात्री हुए घायल
रिपोर्ट के अनुसार, बस में सवार एक यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं लगभग 24 अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। इस हादसे में घायल 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मौके पर पहुंचे कर्मियों ने सड़क से मलबा हटाया और लोगों की मदद की। रिपोर्ट के अनुसार, जब यह हादसा हुआ तब उत्तर भारत के बड़े हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ था। जिस कारण सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई थी।
अपर पुलिस उपायुक्त ने क्या कहा?
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन-3) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस घटना में कई लोगों को चोट आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि आज सुबह घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे के दयानतपुर गांव के पास एक ट्रक आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गया। फिर उसके पीछे एक के बाद एक कर करीब दर्जन भर गाड़ियां टकराती चली गईं। उन्होंने आगे बताया ‘‘घायलों की संख्या अभी पता नहीं है।, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि सुबह करीब सात बजे हुई इस घटना की सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल लोगों को कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। सात गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने आगे कहा कि हादसे के बाद जेवर पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जाने वाले लोगों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और अपनी गाड़ियों के फॉग लाइट और डीपर लाइट जलाने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि एनसीआर में घने कोहरे के चलते सावधानी से गाड़ी चलाएं और हो सके तो कोहरे में बाहर निकलने से बचें।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां टूटी-फूटी हालत में दिखाई दे रही हैं। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि एक्सप्रेसवे की एक लेन पर कुछ निर्माण काम चल रहा है। इस महीने के शुरु में, कोहरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर अधिकतम स्पीड 80 किमी प्रति घंटा तय की गई थी। यह तय स्पीड 15 दिसंबर को शुरू की गई और 15 फरवरी तक लागू रहेगी।
आगरा हादसे के बाद मुर्गे-मुर्गियां लूटने लगी जनता
रिपोर्ट के अनुसार, घने कोहरे के कारण आगरा एक्सप्रेस वे पर एक ट्रक पलट गया। उस ट्रक में मुर्गे-मुर्गियां लदे हुए थे। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें लोगों को मुर्गे-मुर्गियां लूटते हुए देखा जा सकता है।