प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कार्यकर्त्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए विशेष महत्त्व है। पिछले 16 साल से सत्ता के बाहर रहने के कारण भाजपा कार्यकर्त्ता बहुत कुंठित महसूस करते थे लेकिन अब वर्षों बाद इस साल संसद के चुनाव में मिली अभूतपूर्व सफलता ने हम सब में नया जोश भर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि और सघन चुनाव प्रचार के बल पर वर्षों बाद हमें दिल्ली में सफलता मिली है और आगामी विधानसभा चुनाव में हमें मोदी को एक रिर्टन गिफ्ट की तरह दिल्ली की विजय भेंट करनी है। वे दिल्ली भाजपा की मासिक बैठक में बोल रहे थे।

इस बैठक में संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश प्रभारी सांसद प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष उपाध्याय, मंत्री आरपी सिंह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) विजय शर्मा, महामंत्री रमेश बिधूड़ी (सांसद), आशीष सूद, रेखा गुप्ता, सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा, मीनाक्षी लेखी, महेश गिरी, उदित राज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल (सांसद), मांगे राम गर्ग, विजेंद्र गुप्ता ने कार्यकर्त्ताओं का मार्गदर्शन किया और उत्साह बढ़ाया। पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पार्षद, प्रदेश, जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष महामंत्री और कोषाध्यक्ष और विगत चुनावों में पार्टी से चुनाव लड़े प्रत्याशी बैठक में अपेक्षित थे।
इस मौके पर सांसद प्रभात झा ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव हो रहे हैं जिसमें महाराष्ट्र और हरियाणा हम जीत चुके हैं। झारखंड और जम्मू-कश्मीर दोनों राज्यों में हमारी सफलता लगभग निश्चित है। इसी शृंखला में भाजपा टीम दिल्ली पर यह जिम्मेवारी है कि वह इस शृंखला को 5-0 से जिताएं।