Madhya Pradesh Assembly: मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव इसी साल होने वाला है। चुनाव में लगभग पांच महीने बचे हैं। दिसंबर में होने वाला चुनाव बीजेपी-कांग्रेस दोनों के लिए जीतना काफी अहम है। बीजेपी जहां एक बार फिर से सत्ता में वापसी करना चाहेगी तो वहीं 15 साल बाद मात्र डेढ़ साल के लिए प्रदेश की सत्ता संभालने वाली कांग्रेस भी कोई मौका नहीं छोड़न चाहती।
राजनीतिक रस्साकसी के बीच ABP-CVoter ने मध्य प्रदेश चुनाव को लेकर नब्ज टटोलने की कोशिश की है। ओपिनियन पोल की मदद से यह पता लगाया गया है कि 2023 के चुनाव में जनता किसके साथ जाना चाहेगी। 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में सत्ता के लिए कड़ी जंग के साथ त्रिशंकु विधानसभा होना आश्चर्य की बात नहीं होगी।
जानिए क्या कहता एबीपी-सीवोटर सर्वे-
एबीपी-सीवोटर सर्वे के अनुसार, भाजपा को 106-118 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि 108-120 के बीच में सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं। अगर बसपा इस साल मध्य प्रदेश में अपना खाता खोलती है, तो उसे 1 से 4 सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में वोट शेयर के मामले में मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा का भी पता चला, दोनों पार्टियों को कुल वोटों का 44 प्रतिशत मिलने की उम्मीद है।
2018 के मध्य प्रदेश चुनावों में, भाजपा ने 109 सीटें जीतीं और जादुई आंकड़े से सात सीटें कम रह गईं। दूसरी ओर, कांग्रेस 114 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और बहुमत से दो सीटें पीछे रह गई।
सिंधिया की बगावत ने गिरा दी थी कमलनाथ की सरकार
बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने में विफल रहने के बावजूद, कांग्रेस 15 साल बाद राज्य में सत्ता में लौट आई और कमल नाथ ने सत्ता संभाली। हालांकि, सिर्फ एक साल से अधिक समय के बाद कमलनाथ को ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में तख्तापलट का सामना करना पड़ा, जो उनके समर्थन में 22 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। सिंधिया की इस बगावत से कमलनाथ सरकार गिर गई और शिवराज सिंह चौहान चौथी बार सीएम बने।
वहीं कांग्रेस ने इस साल मध्य प्रदेश में सत्ता में लौटने की कसम खाई है। विपक्ष दलों की एकजुटता को भी इस बार देखना खाफी दिलचस्प होगा। वहीं आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी भी कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, बिहार के सीएम नीतीश कुमार द्वारा प्रस्तावित 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तीनों विपक्षी दल एकजुट विपक्ष के मंच पर आने की कोशिश कर रहे हैं।