राजधानी दिल्ली में बह रही यमुना का पानी काफी जहरीला हो चुका है। सोमवार को शुरू हुए छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने दिल्ली में बह रहे यमुना के जहरीले पानी में स्नान किया। जहरीले पानी में बह रहे झाग के बीच श्रद्धालुओं की डुबकी लगाती तस्वीर सामने आने के बाद भाजपा और आप आमने सामने आ गई। इसी मुद्दे पर टीवी डिबेट के दौरान जब एंकर ने कहा कि जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यमुना के गंदे होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दोषी ठहराया है तो आप प्रवक्ता बोल उठे कि वो भगवान विष्णु के अवतार नहीं हैं जो उनकी बात मानें।
आजतक न्यूज चैनल पर टीवी डिबेट के दौरान एंकर चित्रा त्रिपाठी ने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आरोप लगाए हैं कि दिल्ली में यमुना का सिर्फ 2% हिस्सा आता है और इसके 80% प्रदूषण के लिए महानगर को जिम्मेदार बताया। साथ ही उन्होंने यमुना को पवित्रतम नदी बताया और कहा कि दिल्ली सरकार को 2419 करोड़ रुपया मुहैया कराया गया लेकिन इसके बावजूद प्रदूषण कम नहीं हुआ। इसके लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है।
इसपर प्रतिक्रिया देते हुए आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री भाजपा के सांसद हैं कोई विष्णु के अवतार नहीं हैं कि उन्होंने कोई आकाशवाणी की और हम उनकी बात मानें। आगे उन्होंने कहा कि चाहे जल प्रदूषण की बात हो या वायु प्रदूषण की बात हो। पिछले 6 साल से हम ले दे के अरविंद केजरीवाल को हर चीज़ का एक ही कारण बता कर अपनी जिम्मेदारी से हाथ धो लेते हैं। उससे कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन प्रदूषण भी कम नहीं हुआ। गाजियाबाद से लेकर पटना तक हर जगह प्रदूषण है।
यमुना में प्रदूषण के मुद्दे पर भाजपा और आप आमने सामने आ गई है। सोमवार को भाजपा सांसद मनोज तिवारी कालिंदी कुंज स्थित यमुना घाट पहुंचे और प्रदूषण के लिए दिल्ली सरकार को दोषी ठहराया। मनोज तिवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को इसका स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और दिल्ली सरकार को बर्खास्त करना चाहिए। 7 साल बाद दिल्ली सरकार अगर यहां के लोगों को ये तस्वीर देती है तो उनको पद पर रहने का अधिकार नहीं है।
वहीं आप नेता व दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने यमुना में झाग के लिए हरियाणा की भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। गोपाल राय ने कहा कि भाजपा के लोग हताश हैं और दिल्ली के उपराज्यपाल ने यमुना तट पर छठ पूजा की अनुमति नहीं देने का फैसला किया है। हरियाणा यमुना में पानी छोड़ता है। उपराज्यपाल भाजपा सरकार के हैं और भाजपा ही हरियाणा में सत्ता में है। लेकिन फिर भी भाजपा अपने उपराज्यपाल और सरकार से बात नहीं कर पा रही है।
अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे केजरीवाल : शेखावत
दिल्ली में यमुना की भयावह स्थिति पर चिंता जताते हुए केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्य के अरविंद केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला बोला। शेखावत ने कहा कि यमुना की सफाई नहीं कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार ने भगवान भास्कर और छठी मईया को लेकर करोड़ों लोगों के हृदय में सदियों से जो आस्था संचित है, उसका अपमान किया है। केजरीवाल इस पाप की भागीदारी से नहीं बच सकते। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि यह कहना कि दूसरे राज्यों से गंदा पानी आकर यमुना में गिरता है, असल में अपनी जिम्मेदारी से भागने वाली बात है। मुख्यमंत्री को बताना चहिए कि यमुना में रोज गिरने वाली दिल्ली की गंदगी को रोकने के लिए उन्होंने क्या किया है?
