Mahila Samridhi Yojana: भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में महिला समृद्धि योजना लागू करने की घोषणा कर दी है। इसी के साथ अब पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे। सीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें आशीष सूद, प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा शामिल हैं। अब इस पर आम आदमी पार्टी की भी प्रतिक्रिया आ गई है। पूर्व सीएम आतिशी ने कहा कि पैसे देना तो दूर, महिलाओं को कोई योजना या रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल तक नहीं मिला।
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि आठ मार्च यानी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपये की राशि आएगी। उन्होंने दिल्ली की महिलाओं को सलाह दी कि आप अपने बैंक के खाते को अपने बैंक से लिंक कर लीजिए क्योंकि आठ तारीख को आपके पास में मैसेज आएगा कि आपके खाते में ढाई हजार रुपये पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह मोदी की गारंटी है, आज आठ मार्च है। दिल्ली की महिलाएं इंतजार कर रही थीं कि कब ढाई हजार रुपये आएंगे। कब उनके फोन में मैसेज आएगा।’
मोदी की गारंटी नहीं सिर्फ एक जुमला- आतिशी
आप नेता ने आगे कहा, ‘आज भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली सरकार ने यह साबित कर दिया कि वो मोदी जी की गारंटी नहीं थी, सिर्फ एक जुमला था। आठ मार्च को दिल्ली की महिलाओं को खाते में तो ढाई हजार रुपये नहीं मिले। उनको तो एक स्कीम भी नहीं मिली। यहां तक कि एक रजिस्ट्रेशन का पोर्टल तक नहीं मिला, जिस पर जाकर वह अपने नाम भर दें। अपने खाते की डिटेल डाल दें। अपने आधार कार्ड की डिटेल डाल दें। दिल्ली की महिलाओं को क्या मिला। एक चार सदस्यों की कमेटी मिली। क्या ये था पीएम मोदी का वादा। मैं आठ मार्च को दिल्ली की महिलाओं को चार सदस्यों की कमेटी दूंगा। कहां आने थे ढाई हजार रुपये और कहां मिली दिल्ली की महिलाओं को चार सदस्यों की कमेटी। आज दिल्ली की महिलाओं के साथ भी धोखा हो गया।
आज महिलाओं के खाते में नहीं आएगा पैसा… आखिर कहां फंसी है रेखा सरकार
महिला समृद्धि योजना को मिली मंजूरी
दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने वादे को पूरा किया है। उसने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक नकद सहायता देने के लिए महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दी है। यह घोषणा शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। कैबिनेट ने महिला समृद्धि योजना के क्रियान्वयन के लिए दिल्ली बजट में 5,100 करोड़ रुपये के आवंटन को भी मंजूरी दी। गुप्ता ने आगे बताया कि योजना के क्रियान्वयन के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है और जल्द ही एक पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा। कहां रहेंगी दिल्ली की नई CM