‘आज तक’ पर डिबेट के दौरान बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि चाहे कांग्रेस पार्टी हो या समाजवादी पार्टी हो आज बड़ा गम में हैं, आंसू बह रहे हैं। ‘पीठ पर चुभा कुछ, खंजर का वार ही निकला। जख्म जो खुला तो गद्दार ही निकला।’ इस पर समाजवादी पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि जो सवाल पूछा है उसका जवाब दे दो शेरो शायरी बाद में सुना लेना। इस पर भाटिया ने कहा कि इनको वीर सेना पर भी शक होता है। सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगते हैं। ये वही पार्टी है जिन्होंने कहा था कि कारगिल की चोटी फतह करने वाले मुसलमान थे। अल्लाह-उ-अकबर के नारे लगे थे।

बता दें कि पिछले साल पूर्वी लद्दाख में भारतीय और चीनी सैनिकों की झड़प का एक नया वीडियो चीन के सरकारी मीडिया ने ट्वीट किया है। वीडियो में दर्जनों भारतीय और चीनी सैनिक गलवान घाटी में दिख रहे हैं। पिछले साल जून में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच टकराव हुआ था। चीन ने अब आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उसकी तरफ से भी सैनिक हताहत हुए थे।

चीन ने बताया है कि इस झड़प में उसके चार अधिकारियों और सैनिकों ने जान गंवाई थी। इससे पहले भारत ने कहा था कि गलवान में 30 से अधिक चीनी सैनिक मारे गए थे। झड़प में बीस भारतीय सैनिक भी शहीद हो गए थे।

चीन के सरकारी मीडिया ने भारतीय सैनिकों पर चीनी क्षेत्र में आने का आरोप लगाया गया है। चीन द्वारा शेयर किए गए वीडियो में दोनों पक्षों के सैनिक नदी पार करते हुए दिख रहे हैं उनमें से कुछ एक दूसरे को धक्का देते हुए दिखाई दे रहे हैं। रात में दोनों ओर के सैनिकों डंडों के साथ देखे गए। अंधेरे में चीखने चिल्लाने की आवाज भी वीडियो में सुनाई दे रही है।

भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में झड़प तब हुई जब चीनी सैनिकों ने भारतीय सैनिकों को क्षेत्र में अपने गश्त पॉइंट तक मार्च करने से रोका। गौरतलब है कि भारत और चीन ने पैंगोंग झील से सैनिकों को पीछे बुला लिया है। दोनों पक्ष के शीर्ष सैन्य अधिकारी आगे चर्चा करने के लिए मिलने वाले हैं। लेकिन यह साफ नहीं है कि एलएसी से लगने वाले पूर्वी लद्दाख के दूसरे इलाकों से भी पीछे हटा जाएगा या नहीं।

चीन “फिंगर 8” के पूर्वी हिस्से से लेकर पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे तक अपनी मौजूदगी बनाए हुए है। वहीं भारतीय सेना “फिंगर 3” के पास धन सिंह थापा पोस्ट में अपने स्थायी बेस पर है।