75th Independence Day: दुनियाभर में रविवार को उत्साह से भरे भारतीयों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया और इस मौके पर राष्ट्रगान गाया। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन समेत कई नेताओं ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। बाइडन ने भारत के साथ मजबूत द्विपक्षीय संबंधों की बात भी दोहरायी। चीन, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, रूस, इजराइल, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल समेत दुनियाभर में भारतीय मिशन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।

वहीं, आने वाले 25 वर्षों को ‘‘भारत के सृजन का अमृत काल’’ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 लाख करोड़ रुपये की ‘‘गतिशक्ति योजना’’, देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘‘ग्रीन हाइड्रोज़न मिशन’’ और अगले 75 सप्ताह में 75 वंदे भारत रेल गाड़ियां चलाने के साथ ही सभी सैनिक स्कूलों के दरवाजे लड़कियों के लिए खोले जाने की घोषणा की।

आजादी के 75वें सालगिरह पर तिरंगा फहराने के बाद लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर अपने आठवें सम्बोधन में प्रधानमंत्री ने इन घोषणाओं के जरिए जहां देश के विकास की एक रूपरेखा प्रस्तुत की, वहीं विस्तारवाद की नीति के लिए चीन और आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया। नागरिकों से समय के साथ ख़ुद को बदलने का आग्रह करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भरोसा भी जताया कि 21वीं सदी में भारत के सपनों को पूरा होने से कोई बाधा नहीं रोक सकती। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को यह सुनिश्चित करना होगा कि भारत के 100वें स्वाधीनता दिवस पर देश को आत्मनिर्भर बनाने सहित अन्य तय लक्ष्यों को वह प्राप्त करे।

Live Blog

07:04 (IST)16 Aug 2021
उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला ने नारनौल में ध्‍वज फहराया और परेड की सलामी ली

हरियाणा के उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला ने नारनौल में आयोजित स्‍वंतत्रता दिवस समारोह में राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्‍होंने समारोह को संबोधित किया और राज्‍य सरकार की उपलब्धियों का ब्‍योरा पेश किया।

06:22 (IST)16 Aug 2021
उत्तराखंड में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

देशभर के साथ ही उत्तराखंड में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने कई अहम घोषणाएं भी कीं। सीएम ने कहा, 10वीं व 12वीं के बच्चों को सरकार की ओर से निशुल्क मोबाइल टेबलेट प्रदान किए जाएंगे।

06:00 (IST)16 Aug 2021
स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्‍यभर में रंगारंग कार्यक्रम

हरियाणा में स्‍वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्‍यभर में रंगारंग कार्यक्रम हुआ। मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल ने फरीदाबाद में परेड की सलामी ली और राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया। 

02:14 (IST)16 Aug 2021
जश्‍न- ए- आजादी का पर्व हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया

देशभर में 15 अगस्‍त पर जश्‍न-ए- आजादी का पर्व हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया। लोगों ने बढ़चढ़कर इस कार्यक्रम में भाग लिया और स्‍वतंत्रता सेनानीयों को याद किया।

22:48 (IST)15 Aug 2021
भूतपूर्व सैनिकों ने स्वतंत्रता दिवस पर सिंघू बॉर्डर की ओर किया मार्च

पूर्व सैनिकों ने रविवार को आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सिंघू बॉर्डर की ओर मार्च किया, जहां प्रदर्शन कर रहे किसान ‘किसान मजदूर आजादी संग्राम दिवस’ मना रहे हैं। किसान नेता रमिंदर सिंह पटियाला ने बताया कि वरिष्ठ किसान नेता सतनाम सिंह (85) ने सिंघू बॉर्डर पर तिरंगा फहराया और इस अवसर पर कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘सतनाम सिंह ने सुबह 11 बजे तिरंगा फहराया, जिसके बाद पूर्व सैनिकों ने अपनी वर्दी में मार्च किया। जालंधर के डीएवी कॉलेज के छात्रों ने करीब डेढ़ घंटे तक ‘भांगड़ा’ किया।’’

22:31 (IST)15 Aug 2021
कश्मीर में भव्य तरीके से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

कश्मीर में पिछले 30 वर्षों में रविवार को सबसे भव्य तरीके से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की और बाद में उन्होंने शहर के ऐतिहासिक हरी पर्वत किले में 100 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया। घाटी में कई जगह स्कूलों एवं सरकारी कार्यालयों में छोटे स्तर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए जबकि जिला मुख्यालयों में भव्य तरीके से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया। दिन के दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद पूरी घाटी में स्वतंत्रता दिवस परेड और ध्वजारोहण समारोह आयाजित किए गए।

21:48 (IST)15 Aug 2021
असम में पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में समलैंगिकों को आमंत्रित किया गया

देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर यहां हुए एक समारोह में पहली बार असम के समलैंगिक समुदाय के कुछ सदस्यों को आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया। असम की समलैंगिक कल्याण बोर्ड की सहायक उपाध्यक्ष स्वाति बिधान बरुआ ने बताया कि गुवाहाटी में समलैंगिकों के आश्रय गृह 'तृतीय निवास' के करीब 20-25 समलैंगिक स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कोविड-19 पाबंदियों के मद्देनजर सादगी से आयोजित किये गए समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

20:53 (IST)15 Aug 2021
अटारी-वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट समारोह

देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वाघा बॉर्डर पर बीटिंग द रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन हुआ। इस अवसर पर भारत माता की जय, वंदे मातरम और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। 

19:51 (IST)15 Aug 2021
मॉरिसन ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर मोदी को दी बधाई

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अपने भारतीय समकक्ष नरेन्द्र मोदी को रविवार को बधाई दी और द्विपक्षीय संबंधों, खासतौर पर ‘‘खुले एवं मुक्त’’ हिंद-प्रशांत में साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जतायी। अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो संदेश में मॉरिसन ने भारतीय समुदाय का ‘नमस्ते’ कह कर अभिवादन किया और कहा कि दोनों देशों के गौरवशाली लोकतंत्र हैं और दोनों देशों को जोड़ने वाले संबंध मजबूत, जीवंत और चिरस्थायी हैं।

19:36 (IST)15 Aug 2021
कर्नाटक : ध्वजारोहण की तैयारी के समय करंट लगने से एक छात्र की मौत

कर्नाटक के तुमकुरू जिले में रविवार को एक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ध्वजारोहण के लिए स्तंभ लगाते समय करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गयी जबकि दो अन्य छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब छात्र ध्वजारोहण के लिए स्तंभ लगा रहे थे, कि तभी स्तंभ एक तार के संपर्क में आ गया जिसके कारण उसमें करंट आ गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 10वीं कक्षा के छात्र चंदन के रूप में की गयी है जबकि घायल पवन और शशांक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

19:04 (IST)15 Aug 2021
रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की उच्च प्रतिष्ठा है और वह अंतरराष्ट्रीय एजेंडा के मसलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुतिन ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश भेजकर इस अवसर पर बधाई दी। रूस के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कृपया मेरी हार्दिक शुभकामनाएं स्वीकार करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आर्थिक, सामाजिक और अन्य क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को सभी मानते हैं। वैश्विक मंच पर आपके देश की उच्च प्रतिष्ठा है, वह अंतरराष्ट्रीय एजेंडा के मसलों को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’

18:28 (IST)15 Aug 2021
मोदी की ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाने की घोषणा ‘सियासी स्टंट’ : पाक

पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस घोषणा को शनिवार को ‘‘सियासी स्टंट’’ करार दिया कि भारत 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाएगा। उसने कहा कि यह सिर्फ बांटने का प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि लोगों के संघर्ष एवं कुर्बानियों की याद में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। अंग्रेजों ने 1947 में भारत का बंटवारा कर पाकिस्तान को मुस्लिम देश बनाया था। लाखों लोग विस्थापित हुए थे और इसके बाद हुए सांप्रदायिक दंगे में कई लाख लोगों की जान चली गई थी। मोदी ने कहा कि विभाजन के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए और नफरत एवं हिंसा के कारण कई लोगों को जान गंवानी पड़ी।

17:55 (IST)15 Aug 2021
श्रीनगर के लाल चौक पर घंटाघर को जगमग रोशनी वाले तिरंगे से सजाया गया

श्रीनगर के लाल चौक पर स्थित प्रसिद्ध घंटाघर को 75वें स्वंतत्रता दिवस के मौके पर जगमग रोशनी वाले तिरंगे से सजाया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने घंटाघर को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया है। नगर निकाय ने टावर में नयी घड़ियां भी लगाई हैं। श्रीनगर हवाई अड्डे सहित शहर और घाटी में कई प्रमुख इमारतों को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रोशनी से सजाया गया है।

17:28 (IST)15 Aug 2021
सिक्किम: ITBP के जवानों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस

पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने को मिला। सिक्किम में ITBP के जवानों ने  75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गुरुडोंगमार झील के पास कार्यक्रम आयोजित किया। 

17:06 (IST)15 Aug 2021
स्वतंत्रता संग्राम में दिल्ली की भूमिका दर्शाने वाली प्रदर्शनी का आयोजन

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रविवार को दिल्ली के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। दिल्ली अभिलेखागार विभाग के सहयोग से प्रशासन विभाग द्वारा सचिवालय में "दिल्ली में स्वतंत्रता संग्राम" प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक वक्तव्य के मुताबिक प्रदर्शनी में भारत के स्वतंत्रता संग्राम की उन घटनाओं को दिखाया गया है जो 1857 में पहले स्वतंत्रता संग्राम से लेकर 1947 तक दिल्ली में हुई थीं। 

16:35 (IST)15 Aug 2021
स्वतंत्रता दिवस पर जेएनयू में हमला करने की धमकी देने के मामले में दो गिरफ्तार

फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड कर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में कथित तौर पर हमला करने की धमकी देने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान विकास सेहरावत और राजा कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों उत्तर नगर के रहनेवाले हैं। कथित वीडियो में सेहरावत को धमकी देते हुए सुना जा सकता है। पुलिस ने बताया कि सेहरावत को इससे पहले भी दिल्ली कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अल्का लाम्बा के लिए एक वीडियो में कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसने पुलिस को बताया कि वह विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से 2018 से जुड़ा है।

15:54 (IST)15 Aug 2021
किसानों ने निकाली तिरंगा यात्रा

देश भर में लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह देखने मिल रहा है। हरियाणा के जींद के उचाना कलां में किसानों ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा यात्रा निकाली।

15:52 (IST)15 Aug 2021
श्रीनगर के हरि पर्वत किले पर 100फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया

जम्मू-कश्मीर: 75वें स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर के हरि पर्वत किले पर 100फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया।  उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा,"ये ऐतिहासिक अवसर है कि  जम्मू-कश्मीर व श्रीनगर के निवासियों,आर्मी,जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मिलकर 100फीट ऊंचा तिरंगा जम्मू-कश्मीर को समर्पित किया है।"

15:19 (IST)15 Aug 2021
कांग्रेस बोली- मोदी करते हैं केवल घोषणा, लागू नहीं करते


कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषणों में केवल योजनाओं की घोषणा करने और उन्हें लागू नहीं करने का आरोप लगाया। विपक्षी दल ने उन तीन कृषि कानूनों को वापस नहीं लेने के लिए भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा जिनके खिलाफ किसान विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सात साल से देश प्रधानमंत्री के ‘एक ही भाषण’ को सुन रहा है, लेकिन छोटे किसानों सहित किसी भी पीड़ित वर्ग के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के स्वतंत्रता दिवस भाषण के बाद खड़गे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह नयी योजनाओं की घोषणा करते हैं लेकिन इन्हें न तो लागू किया जाता है और न ही धरातल पर ये योजनाएं दिखती हैं। वह बहुत सी बातें कहते हैं लेकिन उनका पालन कभी नहीं करते हैं। अब तीन नए कृषि कानून लाकर उन्होंने किसानों को तबाह कर दिया है।’’

14:30 (IST)15 Aug 2021
केजरीवाल ने फहराया 115 फीट ऊंचा तिरंगा

दिल्ली: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई दिल्ली में 115 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया।

14:25 (IST)15 Aug 2021
हर गांव में स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करेगी कांग्रेसः प्रियंका गांधी


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई एक नए अभियान के तहत राज्य के हर गांव में स्वतंत्रता सेनानियों, उनके परिवारों और किसानों को सम्मानित करेगी।
कांग्रेस नेता ने देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी इस अवसर पर 'जय भारत जन संपर्क अभियान' चलाएगी।

13:54 (IST)15 Aug 2021
यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह ने फहराया तिरंगा

उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी नेता मुलायम सिंह यादव ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लखनऊ में पार्टी दफ़्तर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उनके साथ अखिलेश यादव भी मौजूद रहे।

13:02 (IST)15 Aug 2021
कश्मीर की तस्वीर

हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी बुरहान वानी को सुरक्षाबलों ने साल 2016 में मार गिराया था। अब एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे 'असली जन्नत' कहा जा सकता है। वानी के पिता मुजफ्फर वानी ने साउथ कश्मीर के त्राल में न सिर्फ तिरंगा फहराया बल्कि पूरे अदब के साथ राष्ट्रध्वज को सम्मान दिया। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

13:01 (IST)15 Aug 2021
शिवराज सिंह चौहान ने लहराया तिरंगा

आज आनंद, उत्सव और देशभक्ति के रंग में रंग जाने का दिन है। हमारे लिए देश एक धरती का टुकड़ा नहीं भारत मां है। हम जिएंगे तो इसके लिए और कभी मरना पड़ा तो मरेंगे भी इसके लिए: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

12:35 (IST)15 Aug 2021
तिरंगे के रंग में रंगा दिल्ली का गाजीपुर बॉर्डर

दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर भी आंदोलनरत किसानों ने स्वतंत्रता दिवस मनाया। यहां चारों ओर तिरंगे ही तिरंगे नजर आ रहे थे। यहां तक की पुलिस की बैरिकेडिंग भी तिरंगे से ढक गई। पढ़ें पूरी स्टोरी

12:06 (IST)15 Aug 2021
ऐंटी ड्रोन सिस्टम

किसी भी तरह की ड्रोन ऐक्टिविटी से सुरक्षा के लिए लाल किले पर डीआरडीओ ने लगाए थे ऐंटी ड्रोन सिस्टम

12:05 (IST)15 Aug 2021
क्या बोले केजरीवाल?

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अरविंद केजरीवाल बोले कि दिल्ली में इस तरह विकास करना है कि 2047 के बाद यह शहर ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए तैयार हो सके। 

11:39 (IST)15 Aug 2021
केजरीवाल ने किया ऐलान

27 सितंबर से दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में देश भक्ति पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा, ये हम लोगों की शहीद भगत सिंह के प्रति श्रद्धांजलि है: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

11:35 (IST)15 Aug 2021
स्वतंत्रता दिवस पर बोलि चिराग पासवान

तो मैं चाहता हूं कि मेरे तमाम युवा साथी एकजुट होकर, एकसाथ आकर यह संकल्प लें कि हम सभी मिलकर एक ऐसे प्रदेश का निर्माण करें, जो भ्रष्टाचार से आजाद हो, जो बेरोजगारी से आजाद हो और जो गरीबी से आजाद हो। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी के दीवानों ने जिस आजाद भारत की कल्पना की थी। वो बेरोजगारी से भी आजाद था, वो भ्रष्टाचार से भी आजाद था और वो गरीबी से भी आजाद था। आज हम अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहे है लेकिन क्या हम सही मायने में उनके सपने को पूरा कर पाए है ? : चिराग पासवान

10:51 (IST)15 Aug 2021
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने आवास पर फहराया तिरंगा

10:24 (IST)15 Aug 2021
क्या बोले मोहन भागवत

स्वतंत्र देश को स्वनिर्भर होना है, हम जितना स्वनिर्भर होंगे उतना सुरक्षित रहेंगे। आर्थिक सुरक्षा पर बाकी सारी सुरक्षाएं निर्भर हैं: मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत 

10:14 (IST)15 Aug 2021
चावल को बनाया जाएगा पोषणयुक्त


मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले पर तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार 2024 तक हर सरकारी योजना के तहत दिए जाने वाले चावल को पोषणयुक्त बनाएगी, भले ही यह चावल राशन की दुकानों के जरिए मुहैया कराया जाए या फिर मध्याह्न भोजन योजना के तहत उपलब्ध कराया जाए।

09:51 (IST)15 Aug 2021
सर्जिकल स्ट्राइक पर भी बोले पीएम

सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक करके भारत ने देश के दुश्मनों को नए भारत के सामर्थ्य का संदेश भी दे दिया है। ये बताता है कि भारत बदल रहा है। भारत कठिन से कठिन फैसले भी ले सकता है और कड़े से कड़े फैसले लेने में भी भारत झिझकता नहीं है, रुकता नहीं है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

09:43 (IST)15 Aug 2021
सीएम योगी ने लखनऊ में फहराया तिरंगा

09:33 (IST)15 Aug 2021
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

अपने प्रभावी सम्बोधन में उन्होंने रक्षा, कृषि, ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण से सम्बंधित कई बड़ी बातें रखी हैं, जिनपर काम शुरू हो चुका है। बच्चियों को सभी सैनिक स्कूलों में दाख़िला देने काम शुरू होने जा रहा है। एयरक्राफ़्ट कैरियर ‘विक्रांत’ भी इसी ७५वें वर्ष में नौसेना में शामिल होगा।

09:32 (IST)15 Aug 2021
खेलों के बारे में बोले पीएम, बड़ा टर्निंग पॉइंट

जीवन को आगे बढ़ाने में जो भी प्रभावी माध्यम हैं उसमें एक खेल भी है। जीवन में संपूर्णता के लिए खेलकूद होना बहुत आवश्यक है। अब देश में फिटनेस और खेल को लेकर एक जागरुकता आई है। इस बार ओलंपिक में भी हमने देखा है। ये बदलाव हमारे देश के लिए एक बहुत बड़ा टर्निंग प्वाइंट हैं:प्रधानमंत्री

09:11 (IST)15 Aug 2021
आतंकवाद पर बात

आज दुनिया, भारत को एक नई दृष्टि से देख रही है और इस दृष्टि के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। एक आतंकवाद और दूसरा विस्तारवाद। भारत इन दोनों ही चुनौतियों से लड़ रहा है और सधे हुए तरीके से बड़े हिम्मत के साथ जवाब भी दे रहा है: PM

09:10 (IST)15 Aug 2021
पीएम मोदी ने किया राम जन्मभूमि का जिक्र

Article 370 को बदलने का ऐतिहासिक फैसला हो, देश को टैक्स के जाल से मुक्ति दिलाने वाली व्यवस्था- GST हो, हमारे फौजी साथियों के लिए वन रैंक वन पेंशन हो, या फिर रामजन्मभूमि केस का शांतिपूर्ण समाधान, ये सब हमने बीते कुछ वर्षों में सच होते देखा है: PM

09:10 (IST)15 Aug 2021
बेटियों के लिए खुलेंगे सैनिक स्कूलों के दरवाजे- पीएम मोदी

आज मैं एक खुशी देशवासियों से साझा कर रहा हूँ। मुझे लाखों बेटियों के संदेश मिलते थे कि वो भी सैनिक स्कूल में पढ़ना चाहती हैं, उनके लिए भी सैनिक स्कूलों के दरवाजे खोले जाएं: PM

09:08 (IST)15 Aug 2021
पीएम मोदी ने सुनाई कविता

यही समय है, सही समय है, भारत का अनमोल समय है। कुछ ऐसा नहीं जो कर ना सको, कुछ ऐसा नहीं जो पा ना सको, तुम उठ जाओ, तुम जुट जाओ, सामर्थ्य को अपने पहचानो, कर्तव्य को अपने सब जानो, भारत का ये अनमोल समय है, यही समय है, सही समय है: PM