सर्दियों के मौसम में गरमागरम और स्वादिष्ट नाश्ता खाना हर किसी की पसंद होता है। खासकर इस मौसम में साग और मक्का की रोटी खूब खाई जाती है, लेकिन इससे अलग क्या कभी आपने मक्के का पराठा बनाकर खाया है? अगर नहीं, तो यहां हम आपके लिए इसी पराठे की खास रेसिपी लेकर आए हैं।
आज के नाश्ते में आप मक्के के पराठे और मूली रायते का आनंद ले सकते हैं। फेमस शेफ मेघना कामदार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस खास पराठे को बनाने का बेहद आसान तरीका बताया है। आइए जानते हैं इसके लिए आपको किन-किन चीजों की जरूरत होगी, साथ ही आसान स्टेप्स में जानेंगे इस टेस्टी पराठे और रायते को बनाने का तरीका-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- मक्के का पराठा बनाने के लिए आपको 1 कप मक्के के आटे
- घी या तेल
- 2 कटी हरी मिर्च
- थोड़ा सा ताजा धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच अजवाइन
- स्वादानुसार नमक
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर और
- 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी की जरूरत होगी।
- वहीं, मूली रायता बनाने के लिए आपको 2 कप गाढ़ी दही
- 1/2 कप कद्दूकस की हुई मूली
- 1/4 कप मसाला बूंदी
- ताजे धनिया
- नमक
- 1/2 चम्मच राई
- 1/2 चम्मच जीरा
- 1 सूखी लाल मिर्च
- करी पत्ता और
- कश्मीरी मिर्च पाउडर की जरूरत होगी।
कैसे बनाएं मक्के का पराठा?
- इसके लिए सबसे पहले एक बड़े से बाउल में मक्के के आटे को छान लें।
- अब, इसमें एक-एक कर सभी सामग्री यानी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और कसूरी मेथी डालें।
- अब, हल्का गुनगुना पानी लें और आटे में थोड़ा-थोड़ा डालते हुए एक सोफ्ट और चिकना डो तैयार कर लें।
- आटे से छोटी-छोटी लोई काटकर बेल लें।
- इसके बाद तवा गरम करें, उस पर तेल या घी लगाएं और आटे को एकदम गोल आकार में फैलाएं।
- अब आपको इसपर थोड़ा-थोड़ा तेल या घी लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पका लेना है।
- इतना करते ही आपका मक्के का पराठा बनकर तैयार हो जाएगा।
कैसे बनाएं मूली रायता?
- मूली का रायता बनाने के लिए सबसे पहले दही में मूली, मसाला बूंदी, हरा धनिया और थोड़ा नमक मिलाएं।
- इसके बाद एक पैन में तेल गर्म कर लें। इसमें 1/2 चम्मच राई और 1/2 चम्मच जीरा डालें।
- राई, जीरा चटकने के बाद इसमें एक सूखी लाल मिर्च को तोड़कर डाल लें और साथ ही करी पत्ता और एक चुटकी कश्मीरी मिर्च पाउडर भी डालें।
- इस तड़के को रायते पर डालें और इतना करते ही आपका स्वाद में लाजवाब रायता बनकर भी तैयार हो जाएगा।
इस तरह तैयार किया गया नाश्ता आपके घर के बच्चों से लेकर बड़ों तक को खूब पसंद आने वाला है। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें-
Morning Mantra: सुबह उठकर सबसे पहले क्या खाना चाहिए? सर्दियों के लिए बेहद जरूरी है 2 टिप्स