एक्ट्रेस खुशबू सुंदर के भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। इन चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने उन्हें प्रवक्ता पद से भी हटा दिया है। आपको बता दें कि अभिनेत्री से राजनेता बनीं खुशबू सुंदर ने कांग्रेस का दामन थामा था। बीते दिनों खुशबू सुंदर (Kushboo Sundar) तब चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने मोदी सरकार की नई शिक्षा नीति की तारीफ की थी। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत भी दी थी।
सुंदर ने कहा था कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लेकर मेरी राय पार्टी से अलग है और मैं राहुल गांधी जी से इसे लेकर माफी मांगती हूं। मैं कठपुतली और रोबोट की तरह सिर हिलाने से ज्यादा तथ्यों पर बात करना पसंद करूंगी। जरूरी नहीं कि अपने नेता से हम हर बात पर सहमत हों।
2014 में थामा था कांग्रेस का हाथ: दक्षिण की मशहूर एक्ट्रेस खुशबू सुंदर ने साल 2014 में कांग्रेस का हाथ थामा था। उस वक्त खुशबू ने कहा था कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जातियों और पंथों के बीच एकता और सद्भावना बना सकती है। इससे पहले में वह डीएमके में भी रही थीं। मुंबई में जन्मी खुशबू ने सिनेमा में अपना डेब्यू बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट किया था। ‘द बर्निंग ट्रेन’ फिल्म के मशहूर गाने ‘तेरी है जमीन, तेरा आसमान’ में भी नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने और कई हिंदी फिल्मों में काम किया। बाद में दक्षिण का रुख कर लिया, जहां अब तक करीब 200 फिल्मों में काम कर चुकी हैं।
नखत खान से कैसे बनीं खुशबू सुंदर? बहुत कम लोग जानते हैं कि खुशबू सुंदर का असली नाम नखत खान है। नाम बदलने को लेकर अक्सर वे ट्रोल भी होती रही हैं। ऐसे ही एक बार विवाद मचने पर उन्होंने अपने नाम बदलने की वजह बताई थी। उन्होंने कहा था कि जब वह 7 साल की थीं तभी से उन्हें परिवार में खुशबू के नाम से बुलाया जाता था और इसी नाम से जानी जाती थीं। बाद में शादी के बाद उन्होंने पति का टाइटल भी नाम के साथ जोड़ लिया। इस तरह उन्हें खुशबू सुंदर के नाम से जाना जाने लगा।उन्होंने सफाई दी कि परिवार और दोस्तों के बीच वे अभी भी नखत के नाम से ही जानी जाती हैं। आपको बता दें कि खुशबू सुंदर ने दक्षिण के मशहूर फिल्म डायरेक्टर सुंदर. सी से शादी की है। दोनों के दो बच्चे भी हैं।
विवादों से भी रहा है नाता: एक्टिंग में नाम कमाने वालीं और तमाम प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल करने वालीं खुशबू सुंदर का नाम विवादों से भी जुड़ता रहा है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक शख्स को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही थीं। इस पर सुंदर ने कहा था कि जब वह बेंगलुरु सेंट्रल के इंदिरा नगर से कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांग रही थीं, तभी भीड़ में खड़े एक शख्स ने उन्हें पीछे से पकड़ने की कोशिश की। ऐसा करने पर उन्होंने शख़्स को थप्पड़ जड़ दिया था।