तेजी से बदलती लाइफस्टाइल और भागदौड़ भरी जिंदगी में अधिकतर लोग रात में नींद नहीं आने की समस्या से परेशान रहते हैं। वहीं, कई लोग बिस्तर पर जाते ही पूरी रात ओवरथिंकिंग करते रहते हैं, जिसके कारण नींद नहीं आ पाती। रात में नींद नहीं आने के कारण सुबह थकान भी महसूस होती है।

अगर आप भी ओवरथिंकिंग से परेशान हैं और आपको भी समय पर नींद नहीं आ रही है, तो आप इसके लिए कुछ चीजों को फॉलो कर आसानी से गहरी नींद में सो सकते हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ टिप्स के बारे में बताएंगे, जिन्हें फॉलो कर आप बेहतर तरीके से सो सकते हैं।

एक ही समय पर सोएं

अधिक ओवरथिंकिंग का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। ओवरथिंकिंग की वजह से अक्सर नींद नहीं आती और दिमाग को सही से आराम नहीं मिल पाता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो सबसे पहले अपने सोने का समय तय करें और हर दिन उसी समय पर सोने की कोशिश करें। इससे कुछ ही दिनों में यह आपकी आदत बन जाएगी।

स्क्रीन टाइम करें कम

लगातार मोबाइल, कंप्यूटर या टीवी का इस्तेमाल भी नींद न आने का एक बड़ा कारण हो सकता है। अच्छी नींद के लिए जरूरी है कि आप सोने से कम से कम एक घंटे पहले इन डिवाइसेज से दूरी बना लें। स्क्रीन से निकलने वाली नीली रोशनी आंखों और दिमाग पर असर डालती है, जिससे नींद आने में कठिनाई होती है।

चाय और कॉफी से करें परहेज

सोने से पहले चाय या कॉफी पीना नींद के लिए समस्या बन सकता है। इन्हें पीने से लंबे समय तक नींद नहीं आती। इसमें मौजूद कैफीन आपकी स्लीप साइकल को प्रभावित करता है।

सोने से पहले करें योग और ध्यान

सोने से पहले योग और ध्यान करना काफी फायदेमंद हो सकता है। इससे दिमाग शांत होता है और बेहतर नींद आती है। योग करने से तनाव कम होता है और मन शांत रहता है। अगर आप रोज़ सिर्फ 10 से 15 मिनट तक योग करते हैं, तो आपको रात में अच्छी नींद आएगी।