वॉकिंग यानी पैदल चलना सबसे आसान एक्सरसाइज है, जिसे करने से आपको एक साथ कई फायदे मिल जाते हैं। खासकर वेट लॉस के लिए पैदल चलना बेहद फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, इसे लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल होता है कि वजन घटाने के लिए सुबह खाली पेट वॉक करना ज्यादा फायदेमंद है या खाना खाने के बाद? इस आर्टिकल में हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-
क्या है ज्यादा फायदेमंद?
कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि सुबह खाली पेट वॉक करने से मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मदद मिलती है। इससे आपका शरीर खाने को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है, साथ ही कैलोरी भी अधिक मात्रा में बर्न होती हैं, जिससे वेट लॉस में मदद मिलती है।
सुबह के समय केवल 30 मिनट वॉक करने से आप दिनभर खुद को एनर्जेटिक महसूस करते हैं। ऐसे में आपको जल्दी-जल्दी भूख का एहसास परेशान नहीं करता है। इस स्थिति में भी आप कम कैलोरी इंटेक करते हैं और आपका वजन संतुलित बना रहता है। इससे अलग इंटरनेशनल जर्नल ऑफ ओबेसिटी की एक रिपोर्ट भी बताती है कि रोज खाली पेट केवल 20 से 30 मिनट वॉक करने से वीसीएल एडिपोज टिशू (visceral adipose tissue) यानी पेट की चर्बी को जल्द कम करने में मदद मिल सकती है।
दूसरी ओर खाने के बाद 10 से 15 मिनट वॉक करने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है। दरअसल, चलने से आपका पेट और आंत उत्तेजित होते हैं, इससे भोजन को पाचन तंत्र के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलती है और पाचन बेहतर हो पाता है। वहीं, बेहतर पाचन वेट लॉस में योगदान करता है।
फिर क्या है ज्यादा फायदेमंद?
जैसा कि ऊपर जिक्र किया गया है, खाने से पहले और खाने के बाद दोनों ही समय वॉक करना या कुछ देर टहलना फायदेमंद है। हालांकि, अगर आपका गोल खासकर वेट लॉस करना है, तो इसके लिए सुबह के समय खाली पेट वॉक करना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
खाने के बाद वॉक करने से बेहतर पाचन के चलते आपको ब्लोटिंग या एसिडिटी जैसी समस्याएं नहीं होती हैं, जबकि खाली पेट वॉकिंग सीधे बॉडी में जमा एक्स्ट्रा फैट को कम करने में योदगान करती है।
इसे लेकर नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी (Nottingham Trent University) के एक शोध के नतीजे भी बताते हैं कि खाने के बाद वॉक करने की तुलना में खाली पेट वॉक करना वेट लॉस के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। इससे आपको लगभग 70% अधिक कैलोरी और फैट बर्न करने में मदद मिलती है। ऐसे में अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं, तो इसके लिए रोज सुबह कम से कम 30 मिनट वॉकिंग को अपनी आदत का हिस्सा बना सकते हैं।
इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Power Walking क्या होता है, इसे करने से कैसे कम होता है मोटापा?