Pregnancy Diet Tips: प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं में कई तरह के हार्मोनल व शारीरिक बदलाव आते हैं। वजन बढ़ने से लेकर बॉडी फिगर बदलने जैसे कई बदलाव गर्भवती महिलाओं में आम होते हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की अपनी सेहत के प्रति जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। इसका कारण है कि उनको खुद के साथ अपने गर्भ में पल रहे शिशु का भी ख्याल रखना पड़ता है। ऐसे में शरीर को अतिरिक्त पोषक तत्वों, विटामिन्स और मिनरल्स की जरूरत होती है। डाइट में महत्वपूर्ण पोषक तत्वों की कमी से बच्चे के विकास में बाधा आ सकती है। ऐसे में कीवी खाने से गर्भवती महिलाओं की सम्पूर्ण सेहत अच्छी बनी रहेगी। आइए जानते हैं –
नहीं बनते हैं ब्लड क्लॉट: चाहे तो आप एक साबुत कीवी खाएं या फिर इसे सलाद में शामिल करें। किसी भी तरह से कीवी के सेवन से गर्भवती महिलाओं को फायदा ही होता है। इसमें विटामिन के होता है जो ब्लड क्लॉट्स को दूर करने में कारगर है। प्रेग्नेंसी के अंतिम तीन महीनों में इसे खाना बेहद लाभप्रद हो सकता है।
आयरन एब्जॉर्ब करने की क्षमता: गर्भवती महिलाओं के शरीर में आयरन की मौजूदगी बहुत जरूरी है। इससे उनमें एनीमिया का खतरा कम होता है। साथ ही, शिशु का विकास भी बेहतर तरीके से होता है। कीवी में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है जो आयरन को एब्जॉर्ब करने में सक्षम है। बता दें कि गर्भावस्था में महिलाओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए जरूरी है कि उनके शरीर में आयरन भरपूर मात्रा में रहे।
काबू में रहता है ब्लड शुगर का स्तर: इस समय प्रेग्नेंट महिलाओं को कुछ-कुछ समय के अंतराल पर खाने की क्रेविंग होते रहती है। इस क्रेविंग को मिटाने के लिए अगर महिलाएं कीवी का सेवन करती हैं तो उनके लिए फायदेमंद होगा। दूसरे फलों के मुकाबले इसमें ग्लूकोज की मात्रा भी कम होती है। प्रेग्नेंसी के दौरान डायबिटीज का खतरा अधिक होता है, ऐसे में कीवी खाने से महिलाएं जेस्टेशनल डायबिटीज से सुरक्षित रहती हैं।
दूर रहती है कब्ज व दस्त की परेशानी: गर्भावस्था के दौरान महिलाओं में कई हार्मोनल बदलाव आते हैं। इसके कारण उनकी पाचन शक्ति भी प्रभावित होती हैं और दस्त व कब्ज जैसी परेशानियां आम हो जाती हैं। ऐसे में कीवी खाने से पेट संबंधी कई समस्याएं दूर होती हैं। आपको बता दें कि इस फल में फाइबर प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है।