Ayodhya Ram Mandir Darshan Timings, Booking Process, Ticket Booking Online: धर्मनगरी अयोध्या इस समय भारत का सबसे बड़ा आध्यात्मिक केंद्र बना हुआ है। जैसे-जैसे राम मंदिर (Ram Mandir) के प्राण प्रतिष्ठा की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे ही इस शहर को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है।

गौरतलब है कि भारत में अयोध्या राम मंदिर का निर्माण लंबे समय से चला आ रहा मुद्दा रहा है। हालांकि, वर्षों की कानूनी लड़ाई के बाद, नवंबर 2019 में आखिरकार भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला सुनाया कि विवादित भूमि हिंदुओं की है, इसके साथ ही साइट पर एक भव्य राम मंदिर के निर्माण की अनुमति दी गई। अब, आखिरकार 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर कार्यक्रम होने वाला है। इस आयोजन में लगभग 7,000 मेहमानों की प्रारंभिक उपस्थिति की उम्मीद है। वहीं, 24 जनवरी, 2024 से श्रद्धालुओं और आम लोगों के लिए आधिकारिक तौर पर राम मंदिर खुल जाएगा। ऐसे में देश के अलग-अलग शहरों से लोग रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने की योजना बना रहे हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और अयोध्या जाने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां हम आपको बताएंगे कि प्लेन, ट्रेन या बस से आप कैसे रामलला के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं, साथ ही आप किस समय दर्शन कर पाएंगे और इसके लिए आपको कितनी फीस देनी होगी।

बुक करानी होगी टिकट

बता दें कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच इस समय केवल सीमित लोगों को ही रामलला के दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए श्रद्धालु श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (SRJTKT) की आधिकारिक वेबसाइट srjbtkshetra.org के माध्यम से अपने टिकट ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सरल और परेशानी मुक्त है। टिकट बुक करते समय आप कोई भी अपनी पसंद की तारीख और समय स्लॉट को चुन सकते हैं।

इसके अलावा आप मंदिर के पास स्थित अयोध्या राम मंदिर विजिटर केंद्र जाकर ऑफलाइन टिकट भी बुक करा सकते हैं। केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है और टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर खरीदे जा सकते हैं।

कितना देना होगा चार्ज?

अयोध्या राम मंदिर में सभी भक्तों के लिए प्रवेश निःशुल्क है। हालांकि, अगर आप भगवान राम के करीब से और लंबे समय तक दर्शन करना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको विशेष दर्शन टिकट लेना होगा। इसके लिए अगर आप ऑनलाइन टिकट खरीदते हैं, तो आपको प्राप्त सेवाओं के अनुसार लागत का भुगतान करना होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से अभी तक दर्शन टिकट की कीमत जारी नहीं की गई है।

क्या है टाइमिंग?

मंदिर हर दिन सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। विशेष अवसरों और त्योहारों पर समय बदल सकता है। ऐसे में अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट या विजिटर केंद्र से जानकारी हासिल कर लें।

इस समय होगी आरती

श्रृंगार आरती – प्रातः 06:30 बजे
भोग आरती – दोपहर 12:00 बजे
संध्या आरती – शाम 07:30 बजे

राम मंदिर तक कैसे पहुंचें?

अगर आप बस से रामनगरी जाना चाहते हैं, तो बता दें कि इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (USRTC) की कई बसें अयोध्या और पड़ोसी शहरों जैसे लखनऊ, फैजाबाद और गोरखपुर के बीच नियमित रूप से चलती हैं। इसके अलावा कई प्राइवेट बस ऑपरेटर भी अलग-अलग रूट से यात्रियों को अलग-अलग ऑप्शन देते हैं। इस तरह की बस के लिए आप ऑनलाइन टिकट भी बुक करा सकते हैं।

अगर आप ट्रेन से अयोध्या जाना चाहते हैं, तो इसके लिए अयोध्या का अपना एक रेलवे स्टेशन है, जिसका नाम ‘अयोध्या धाम जंक्शन’ है। यहां के लिए दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर से सीधी ट्रेनें चलती हैं। ऐसे में आप अपनी सहूलियत के हिसाब से नजदीकी रेलवे स्टेशन से अयोध्या तक का सफर कर सकते हैं।

वहीं, अगर आप हवाई जहाज से अयोध्या जाना चाहते हैं, तो इसके लिए अयोध्या में एक इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी है, जिसे विकसित किया जा रहा है। 15 जनवरी से देश की राजधानी दिल्ली से अयोध्या और मुंबई से अयोध्या के लिए एक-एक डायरेक्ट फ्लाइट की शुरुआत की जाएगी। इससे अलग लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अयोध्या से निकटतम हवाई अड्डा है। आप यहां पहुंच सकते हैं। यहां के लिए कई प्रमुख एयरलाइंस घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट चलाती हैं। खासकर दूर से आने वाले लोगों के लिए ये एक सुविधाजनक ऑप्शन है। लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से अयोध्या करीब 130 किलोमीटर दूरी पर स्थिति है, इसके लिए हवाई अड्डे पर टैक्सियां और बसें आसानी से उपलब्ध हैं।