एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट रेसलर विनेश फोगट को कोरोना हो गया है। उन्होंने शुक्रवार (28 अगस्त) को कहा कि वह कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाई गई है। इस साल देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए चुनी गई विनेश, इन दिनों अपने कोच ओम प्रकाश की देख-रेख में सोनीपत में अभ्यास कर रही थीं। विनेश ने कहा,‘‘खेल पुरस्कारों की तैयारियों के तहत कोरोना वायरस के जांच के लिए सोनीपत में मेरा नमूना लिया गया था, जांच में इसका नतीजा पॉजिटिव आया है। भगवान ने चाहा तो मैं जल्द ठीक हो जाऊंगी।’’
विनेश फौगाट खेल रत्न पुरस्कार जीतने वाली दूसरी महिला रेसलर हैं। उनसे पहले साक्षी मलिक को 2016 में यह सम्मान दिया जा चुका है। विनेश के साथ भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर रोहित शर्मा, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा और पैरा एथलीट मरियप्पन थंगवेलु को खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया। विनेश 2016 के रियो ओलंपिक में एक मैच में चोटिल हो जाने के बाद बाहर हो गईं थी। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
खेल रत्न पुरस्कार के लिए विनेश का नाम 2018 से लगातार भेजा जा रहा था। पिछले दो साल उन्हें इस अवॉर्ड से दूर रहना पड़ा, लेकिन इस बार उनका सपना पूरा हुआ। विनेश ने बताया कि खेल रत्न की घोषणा के बारे में उन्हें उस समय पता चला, जब उनके पास परिचितों व साथी पहलवानों के बधाई के लिए फोन आने लगे। विनेश का जन्म 25 अगस्त 1994 को हरियाणा के बलाली गाँव में हुआ था। 2013 में अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय मैच की शुरुआत करने के बाद 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने के बाद विनेश सुर्खियों में आ गईं। विनेश ने इसके बाद उन्होंने लगातार एशिया रेसलिंग चैंपियनशिप, वर्ल्ड रेस्लिंग चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते।
विनेश ने पिछले साल वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। वे एशियन चैंपियनशिप में तीन सिल्वर और चार ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। विनेश को 2016 में अर्जुन अवार्ड से नवाज़ा गया था और 2018 में वे पद्म श्री के लिए भी नोमिनेट की गईं थी। विनेश ने वर्ष 2018 में पहलवान सोमवीर राठी से शादी की है। दोनों का प्यार कुश्ती के मैचों के दौरान ही परवान चढ़ा और 8 साल के बाद दोनो एक दूसरे के हो गए।