वुमेंस प्रीमियर लीग 2023 (WPL 2023) में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCBW) का मुकाबला गुजरात जायंट्स (GGT) से होना है। इससे पहले स्मृति मंधाना की टीम ने जमकर होली खेली। विदेशी खिलाड़ियों ने रंगों के त्योहार का खूब आनंद लिया। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट एलिस पेरी ने सोशल मीडिया पर साथी क्रिकेटर सोफी डिवाइन और मेग लेनिंग के साथ फोटो शेयर की। इसमें स्मृति मंधाना और ऋचा घोष भी दिखती हैं।
हालांकि, एलिस पेरी अपने बालों में लगे रंग से चिंतित हैं। दो बार धुलने के बाद भी रंग नहीं जाने पर उन्हें डर सताने लगा है कि कहीं उनका बाल हमेशा ऐसा ही न रह जाए। उन्हेंने इसे लेकर इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की है। उसमें उनके बाल गुलाबी रंग के दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ” सोच रही हूं कि क्या यह हमेशा रहने वाला है? मैंने अपने बाल दो बार धोए हैं।”
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा
वुमेंस प्रीमियर लीग 2023 में अबतक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। टीम अब तक दोनों मैच हारी है और तालिका में चौथे स्थान पर है। मुंबई इंडियंस ने सोमवार को 9 विकेट और 34 गेंद शेष रहते हराया। इससे स्मृति मंधाना की टीम का नेट रन रेट -3.16 हो गया। गुजरात जायंट्स (GGT) की हालत भी कुछ ऐसी ही है। वह भी दोनों मैच हारी है और 5वें नंबर पर है।
दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस ने हराया
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DCW) ने 60 रन से हराया था। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट पर 223 रन बनाए। बैंगलोर की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन ही बना पाई। मुंबई इंडियंस (MIW) के खिलाफ मैच में टीम 18.4 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। मुंबई ने 9 विकेट से मैच जीता।
राधा यादव ने गुलाल से जेमिमा को नहलाया
दिल्ली कैपिटल्स (DCW) ने होली सेलिब्रेशन का वीडियो शेयर किया। इसमें राधा यादव ने जेमिमा रोड्रिग्ज को गुलाल से नहला दिया। जेमिमा इसमें डांस भी करती नजर आ रही हैं। वीडियो के अंत में वह थंप्स अप करती हैं। दिल्ली की टीम बेहतरीन फॉर्म में चल रही है। उसने दोनों मैच में 200 से ज्यादा रन बनाए और जीत हासिल की।