आईसीसी खिताब के लंबे सूखे को खत्म करने के लिए सभी की निगाहें रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम पर है। टीम इंडिया वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 में शानदार फॉर्म में है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम वर्तमान में एकमात्र टीम है जिसने वनडे क्रिकेट विश्व कप 2023 में एक भी मैच नहीं हारा है।
टीम इंडिया 5 मैच में 10 अंकों के साथ विश्व कप 2023 की अंक तालिका में शीर्ष पर है। एक या दो और जीत उसके सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए पर्याप्त होगी। पिछली बार जब भारत ने आईसीसी खिताब जीता था तब 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान एमएस धोनी कप्तान थे। भारत ने 2011 में जब आखिरी बार वनडे क्रिकेट विश्व कप जीता था तब भी एमएस धोनी ही कप्तान थे।
ऐसे में स्वाभाविक रूप से विश्व कप 2023 में भारत के खिताब जीतने की संभावनाओं पर उनकी राय मायने रखती है। एमएस धोनी ने पहली बार भारत के वर्ल्ड कप जीतने की संभावनाओं के बारे में बात की है। एमएस धोनी ने गुरुवार 26 अक्टूबर 2023 को एक कार्यक्रम में कहा, ‘यह एक बहुत अच्छी टीम है। बहुत अच्छा संतुलन है टीम का। हरलोग अच्छा खेल रहे हैं। इसलिए सब कुछ बहुत अच्छा लग रहा है। इसे ज्यादा मैं कुछ नहीं बोलूंगा, बाकी समझदार को इशारा काफी है।’
2011 जिनती एकजुट नहीं मौजूदा टीम इंडिया: हरभजन सिंह
अक्सर यह कहा जाता है कि 2011 की भारतीय टीम महान सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीतना चाहती थी। ऐसे लोग सोचते हैं कि क्या इस बार विराट कोहली के लिए ऐसा ही होगा। जब हरभजन सिंह से यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने आंखें खोल देने वाला जवाब दिया। इंडिया टुडे पर बातचीत में हरभजन सिंह ने हाल ही में कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि 2023 विश्व कप की भारतीय टीम उतनी एकजुट है जितनी 2011 विश्व कप टीम थी।
विराट नहीं भारत के लिए विश्व कप जीतना चाहती है टीम: हरभजन
हरभजन सिंह ने कहा, ‘दोनों टीमों के बीच एक बड़ा अंतर है। वह टीम (2011 विश्व कप विजेता भारतीय टीम) बहुत अधिक एकजुट थी। वे सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीतना चाहते थे। उन्हें दूसरों से बहुत सम्मान मिला। मैं इस टीम को लेकर बहुत आश्वस्त नहीं हूं। पता नहीं कौन विराट कोहली के लिए विश्व कप जीतना चाहता है। लेकिन, वे निश्चित रूप से भारत के लिए जीतना चाहते हैं। यह एक बड़ा अंतर है।’
हरभजन ने अपनी बात को आगे समझाते हुए कहा कि पूरी टीम तेंदुलकर का इस हद तक सम्मान करती थी कि सभी खिलाड़ी उनके लिए विश्व कप जीतना चाहते थे। हालांकि, अब उन्हें यकीन नहीं है कि मौजूदा टीम में खिलाड़ी कोहली को लेकर इतने एकजुट हैं या नहीं।