25 वर्षीय महिला क्रिकेटर राखी शर्मा आगरा से अपने घर दिल्ली लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गई है। हादसा रविवार रात का है। क्रिकेटर की कार यमुना एक्सप्रेसवे के नवादा निकास मार्ग के पास सड़क किनारे लगी बाड़ में टकरा गई। क्रिकेटर के चेहरे पर चोट आई है। कार में महिला के साथ 7 पालतू कुत्ते भी थे। उनमें से एक फीमेल जर्मन शेफर्ड की मौत हो गई है। एक अन्य कुत्ते की आंख में चोट आई है। सभी घायल कुत्तों को दिल्ली के वेटरनरी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को क्रिकेटर के नशे में ड्राइविंग करने का शक है।
राखी शर्मा का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को शक है कि राखी शर्मा को कुछ सेकंड के लिए झपकी आ गई होगी या कुत्ते परेशान करने लगे होंगे, जिस कारण उन्होंने कार पर से नियंत्रण खो दिया। हालांकि, पीपुल फॉर एनिमल्स (पीएफए) ने राखी के खिलाफ लापरवाही में गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कराया है।
घटना रविवार रात साढ़े नौ बजे के आसपास की है। राखी के परिवार ने बताया कि क्रिकेटर आगरा में अपने दोस्त के घर से दिल्ली लौट रही थीं। कोविड-19 महामारी के कारण हुए लॉकडाउन के चलते वह दो महीने से ज्यादा समय से आगरा में ही फंसी हुईं थीं। राखी एक राज्य स्तरीय क्रिकेटर हैं। वह मौजूदा समय में चंडीगढ़ के लिए खेलती हैं।
डीसीपी (जोन 3) राजेश कुमार सिंह ने बताया, ‘जैसे ही उन्हें टोल ऑपरेटरों से नवादा में दुर्घटना की सूचना मिली, पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल महिला को कैलाश अस्पताल पहुंचाया। घायल कुत्तों को ग्रेटर नोएडा के एक पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां उनमें से एक जर्मन शेफर्ड (फीमेल) दम तोड़ दिया।’
राजेश कुमार सिंह ने कहा, ‘राखी के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। ड्राइविंग के दौरान या तो उनकी आंख लग गई होगी अथवा कार में बैठे कुत्ते परेशान करने लगे होंगे। राखी की ऑल्टो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। फीमेल जर्मन शेफर्ड, 6 अन्य कुत्ते (इनमें से 5 की उम्र करीब 6 महीने के आसपास ही होगी), सभी कार में थे।’
वहीं, पीएफए कार्यकर्ताओं ने राखी शर्मा के खिलाफ रैश ड्राइविंग और लापरवाही के साथ ट्रांसपोर्ट फॉर एनिमल्स एक्ट और प्रिवेनसन ऑफ क्रूअल्टी टू एनिमल्स एक्ट का उल्लंघन करने की शिकायत दर्ज कराई है। पीएफए की जिला अध्यक्ष कावेरी राणा ने आरोप लगाया कि महिला क्रिकेटर ने अपनी ऑल्टो कार में सात कुत्ते ठूंस रखे थे। उन्होंने बताया, घायल कुत्तों के पूरे शरीर में फ्रैक्चर है। कुछ की हालत बहुत गंभीर है। पुलिस ने कहा है कि उचित जांच के बाद ही प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाएगी।