भारतीय क्रिकेट टीम कप्तान विराट कोहली पिछले कुछ सालों से रन बनाने के मामले में दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज हैं। वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में लगातार खेल रहे हैं और विपक्षियों को परेशान कर रहे हैं। कोहली रन बनाने के मामले में ही नंबर-1 नहीं हैं, वे सबसे ज्यादा कमाई के मामले में भी पहले स्थान पर हैं। फोर्ब्स मैगजीन के हाइएस्ट पेड एथलीट की लिस्ट में वे इकलौते भारतीय हैं। वे दुनिया में 100वें स्थान पर हैं, लेकिन अगर सिर्फ क्रिकेटर्स की बात करें तो कोहली पहले स्थान पर हैं। हम आपको यहां कमाई के मामले में टॉप-10 क्रिकेटर्स की जानकारी दे रहे हैं।
पहले स्थान काबिज कोहली ने पिछले साल 183 करोड़ रुपए (24 मिलियन डॉलर) कमाए थे। विराट को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से 19.84 करोड़ रुपए (2.2 मिलियन डॉलर ) मिले। विज्ञापन से उन्होंने 152 करोड़ रुपए कमाए। बीसीसीआई से सैलरी के तौर पर 7 करोड़ रुपए मिले। कोहली ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 44 मैच खेले थे। इस दौरान 64.60 की औसत से 2455 रन बनाए थे। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम है। माही का चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के साथ करार 16.78 करोड़ रुपए (2.2 मिलियन डॉलर) का है। वे 20 से ज्यादा ब्रांड के विज्ञापन में नजर आते हैं। पिछले साल उन्होंने ने 165 करोड़ रुपए (21.7 मिलियन डॉलर ) कमाए थे।
इन दोनों के अलावा टॉप-10 में दो अन्य भारतीय खिलाड़ी युवराज सिंह और रोहित शर्मा हैं। युवी ने पिछले साल ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। युवराज ने 26.69 करोड़ रुपए (3.5 मिलियन डॉलर) कमाए थे। वे 8वें स्थान पर हैं। पिछले साल आईपीएल में युवराज मुंबई इंडियंस के लिए खेले थे। इसी टीम के कप्तान रोहित शर्मा लिस्ट में नौवें स्थान पर हैं। उन्होंने भी युवराज के बराबर 26.69 करोड़ रुपए (3.5 मिलियन डॉलर) ही कमाए थे।
धोनी और कोहली ने मिलकर 345 करोड़ रुपए कमाए थे। इन दोनों को छोड़ दिया जाए तो अन्य 8 क्रिकेटर्स ने मिलकर 284 करोड़ रुपए ही कमाए। धोनी और कोहली की कमाई इन आठों से 125% ज्यादा है। लिस्ट में 4 ऑस्ट्रेलियाई (डेविड वॉर्नर, शेन वॉटसन, मिशेल स्टार्क और स्टीव स्मिथ) हैं। वेस्टइंडीज के धुरंधर ओपनर क्रिस गेल 57.21 करोड़ (7.5 मिलियन डॉलर) के साथ तीसरे और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स 48.82 करोड़ रुपए (6.4 मिलियन डॉलर) की कमाई के साथ चौथे स्थान पर हैं।
कमाई के मामले में टॉप-10 क्रिकेटर
खिलाड़ी | देश | कमाई |
विराट कोहली | भारत | 183 करोड़ रुपए |
महेंद्र सिंह धोनी | भारत | 165 करोड़ रुपए |
क्रिस गेल | वेस्टइंडीज | 57.21 करोड़ रुपए |
एबी डिविलियर्स | दक्षिण अफ्रीका | 48.82 करोड़ रुपए |
डेविड वॉर्नर | ऑस्ट्रेलिया | 41.95 करोड़ रुपए |
शेन वॉटसन | ऑस्ट्रेलिया | 34.32 करोड़ रुपए |
मिशेल स्टार्क | ऑस्ट्रेलिया | 30.51 करोड़ रुपए |
युवराज सिंह | भारत | 26.69 करोड़ रुपए |
रोहित शर्मा | भारत | 26.69 करोड़ रुपए |
स्टीव स्मिथ | ऑस्ट्रेलिया | 18.30 करोड़ रुपए |