IPL Records: भारतीय कप्तान विराट कोहली के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तो बहुत सारे रिकॉर्ड्स हैं। लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग में उनके नाम कुछ ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिसके बारे में बहुत कम ही फैंस को मालूम होगा। कोहली आईपीएल इतिहास के सबसे युवा कप्तान हैं। इसके अलावा उनके इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन भी हैं। अगर इस साल कोरोनावायरस के कारण 13वें सीजन आईपीएल को अनिश्चितकाल तक के लिए नहीं टाला जाता तो वे अब तक कई और रिकॉर्ड बना चुके होते।

कोहली 2013 में टीम के आधिकारिक कप्तान बने थे। इससे पहले वे 2012 के सीजन में डेनियल विटोरी की जगह आधे मैचों में कप्तानी कर चुके थे। लेकिन उन्होंने टीम का नेतृत्व पहली बार 2011 में किया था। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ विटोरी नहीं खेल पाए थे और कोहली को कप्तानी करनी पड़ी थी। RCB उस मैच में 9 विकेट से जीती थी। कोहली की तब सिर्फ 22 साल 187 दिन के थे। उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।

कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 5412 रन हैं। हालांकि, वे 5000 के आंकड़े को छूने वाले पहले नहीं थे। उनसे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स के सुरेश रैना ने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली थी। रैना के नाम फिलहाल 5368 रन हैं। हालांकि, कोहली के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड जरूर दर्ज है। वे भारतीय धरती पर आईपीएल में 5000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज जरूर हैं। उन्होंने अपने पांचों शतक और 36 में से 35 अर्धशतक भारत में लगाए हैं।

आईपीएल में कप्तानी को लेकर कोहली की आलोचना हमेशा होती है। लेकिन, कप्तान के तौर पर एक ऐसा रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज है जो अनोखा है। वे आईपीएल की 11 टीमों के खिलाफ जीतने वाले कप्तान हैं। मौजूदा सातों टीम के अलावा उन्होंने डेक्कन चार्जर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, गुजरात लायंस और राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के खिलाफ जीत दर्ज की है। सिर्फ कोच्ची टस्कर्स केरला के खिलाफ वे नहीं जीते। उनके अलावा गौतम गंभीर ने 13 में से 12 टीमों को हराया है। केकेआर 2011 में कोच्ची के खिलाफ दोनों मैच हार गया था।