भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सोशल मीडिया पर देश की सबसे लोकप्रिय शख्सियत हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 5 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वे इंस्टाग्राम पर 5 करोड़ फॉलोअर्स वाले पहले भारतीय हैं। इस मामले में उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी पीछे छोड़ दिया है। ट्विटर पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 3.38 करोड़ से ज्यादा है। हालांकि, वह केवल 58 लोगों को फॉलो करते हैं। इनमें से एक नाम भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या का भी है।

आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर वन और टेस्ट रैंकिंग में दो नंबर पर काबिज विराट कोहली या टीम इंडिया का विजय माल्या के साथ नाम पहली बार नहीं जुड़ा है। 2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान विजय माल्या और टीम इंडिया ने लंदन में साथ में एक चैरिटी डिनर में हिस्सा लिया था। हालांकि, तब रिपोर्टों में दावा किया गया था कि विवाद से बचने के लिए टीम इंडिया के सदस्य आयोजन स्थल से जल्द ही निकल गए थे।
अगस्त 2018 में भी खबरें आईं थीं कि इंग्लैंड दौरे पर गए विराट कोहली और टीम इंडिया के अन्य सदस्यों से मिलने के लिए विजय माल्या ने रिक्वेस्ट की थी, लेकिन किसी विवाद से बचने के लिए टीम मैनेजमेंट ने माल्या के निवेदन को सिरे से खारिज कर दिया था। पर सोशल मीडिया पर उनके संबंध कायम हैं।
विजय माल्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर का मालिक रह चुका है। ऐसे में विराट कोहली से उसका संबंध होना कोई अचरज नहीं है। लेकिन अब माल्या एक भगोड़ा है, भारतीय जांच एजेंसियां उसे देश में लाने के लिए कड़े जतन कर रही हैं।
विराट कोहली ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री, इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरीकेन, टेनिस स्टार रोजर फेडरर, स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो, सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और भारत की युवा धाविका हिमा दास को भी फॉलो करते हैं। हालांकि, वे ट्विटर पर टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री को फॉलो नहीं करते हैं।
बता दें कि विराट कोहली सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वे अपने एक ट्वीट से 3,50,101 अमेरिकी डॉलर (करीब 2.5 करोड़ रुपए) कमाते हैं। इस्टाग्राम पोस्ट से भी उनकी कमाई करोड़ों की है। विराट अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट से 196,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 1.42 करोड़ रुपए) कमाते हैं।