कोविड 19 महामारी के कारण सारी दुनिया हलकान है। दुनिया भर में 30 लाख से ज्यादा लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। कोरोना को हराने में दुनिया भर की सरकारें जुटी हैं। सरकारों की इस जंग में सेलिब्रिटी भी बढ़-चढ़कर अपना योगदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना से जंग के लिए पीएम केयर्स फंड भी बनाया है। इसमें देश के बहुत से लोग दान कर रहे हैं। इसमें क्रिकेटर भी शामिल हैं।

सूत्रों की मानें तो विराट कोहली (Virat Kohli) और अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री राहत कोष में कुल 3 करोड़ रुपए दान किए हैं। कोरोना से जंग में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भी 80 लाख रुपए दिए हैं। उन्होंने पीएम केयर्स फंड में 45 लाख, महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख, फीडिंग इंडिया और वेलफेयर ऑफ स्ट्रे ड्रग्स को 5-5 लाख रुपए दिए हैं।

रोहित और विराट के अलावा सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना, सौरव गांगुली, सुनील गावस्कर और चेतेश्वर पुजारा ने भी काफी बड़ी-बड़ी रकम दान की है। वैसे महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने कोरोना के खिलाफ जंग में अब तक कुछ दान किया है या नहीं। इसका खुलासा अब तक नहीं हुआ है।

हालांकि, विरुष्का और रोहित की कमाई में अंतर देखें तो उसके मुकाबले भारतीय ओपनर का कोरोना से जंग में योगदान टीम इंडिया के कप्तान से दोगुना है। चौंकिए नहीं, आंकड़े यही कहते हैं। विराट कोहली की पिछले साल यानी 2019 में सैलरी और इंडोर्समेंट से कुल 240 लाख डॉलर (करीब 183 करोड़ रुपए) कमाए।

वहीं, अनुष्का शर्मा की पिछले साल की कमाई 28 करोड़ रुपए के आसपास थी। इस हिसाब से विरुष्का (विराट-अनुष्का) ने पिछले साल 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की। यानी उनकी एक दिन की कमाई 54 लाख से ज्यादा रही। इसका मतलब विरुष्का ने कोरोना से जंग में अपनी 6 दिन से भी कम की कमाई दान की।

अब रोहित शर्मा की बात करते हैं। रोहित ने पिछले साल सैलरी और इंडोर्समेंट से कुल 35 लाख डॉलर (करीब 27 करोड़ रुपए) कमाए थे। यानी रोहित की एक दिन कमाई करीब सात लाख रुपए रही। जबकि उन्होंने दान किए 80 लाख रुपए। इस हिसाब से उन्होंने अपनी 11 दिन से ज्यादा की कमाई दान की।