विराट कोहली के ‘अच्छे दिन’ लौट आए हैं। एशिया कप 2022 में तीन साल का शतक का सूखा खत्म करने के बाद विराट कोहली ने अब सोशल मीडिया पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके ट्विटर पर फॉलोवर्स की संख्या पांच करोड़ के पार पहुंच गई है। वह पहले क्रिकेटर हैं, जिनके ट्विटर पर 5 करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं। वह ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटर भी हैं।
विराट कोहली ट्विटर पर 5वें सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले एथलीट भी हैं। भारत में ट्विटर पर विराट कोहली से ज्यादा फॉलोवर्स सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (8.24 करोड़) और पीएमओ इंडिया (प्रधानमंत्री कार्यालय/5 करोड़ 6 लाख फॉलोवर्स) के ही हैं। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन (4 करोड़ 79 लाख) के भी फॉलोवर्स की संख्या विराट कोहली से कम है।
यही नहीं, टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुने गई टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, उप कप्तान केएल राहुल, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और फिनिशर दिनेश कार्तिक के कुल मिलाकर फॉलोवर्स की संख्या भी विराट कोहली के फॉलोवर्स से कम ही है।
बता दें कि ट्विटर पर रोहित शर्मा के फॉलोवर्स की संख्या 20.9 मिलियन (2 करोड़ 9 लाख) है। वहीं, हार्दिक पंड्या के ट्विटर फॉलोवर्स की संख्या 80 लाख है। उनके दोस्त और टीम इंडिया के उप कप्तान केएल राहुल इस मामले में उनसे पीछे हैं।
केएल राहुल के ट्विटर पर फॉलोवर्स की संख्या 72 लाख है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के ट्विटर पर 35 लाख फॉलोवर्स हैं। दिनेश कार्तिक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। ट्विटर पर उनके फॉलोवर्स की संख्या 20 लाख है। मतलब रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या और दिनेश कार्तिक के फॉलोवर्स की संख्या 4 करोड़ 16 लाख है।
यह संख्या विराट कोहली के फॉलोवर्स से काफी कम है। टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए 15 भारतीय क्रिकेटर्स के ट्विटर फॉलोवर्स की संख्या 12.2054 करोड़ है। इसमें 5 करोड़ अकेले विराट कोहली के ही हैं।
आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के लिए चुनी गई टीम इंडिया में शामिल क्रिकेटर्स के ट्विटर फॉलोवर्स की संख्या
क्रिकेटर | ट्विटर फॉलोवर्स की संख्या |
विराट कोहली | 05 करोड़ |
रोहित शर्मा | 02 करोड़ 9 लाख |
रविचंद्रन अश्विन | 01 करोड़ 07 लाख |
हार्दिक पंड्या | 80 लाख |
केएल राहुल | 72 लाख |
जसप्रीत बुमराह | 50 लाख |
ऋषभ पंत | 35 लाख |
युजवेंद्र चहल | 32 लाख |
भुवनेश्वर कुमार | 28 लाख |
दिनेश कार्तिक | 20 लाख |
सूर्यकुमार यादव | 13 लाख |
अक्षर पटेल | 07 लाख 75 हजार |
अर्शदीप सिंह | 81 हजार |
दीपक हुड्डा | 61 हजार |
हर्षल पटेल | 28 हजार |