विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy 2021) के फाइनल में मुंबई ने उत्तर प्रदेश को 6 विकेट से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार (14 मार्च) को खेले गए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने 4 विकेट पर 312 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 41.3 ओवर में ही 4 विकेट पर 315 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। वह चौथी बार इस टूर्नामेंट को जीतने में सफल रहा है। इससे पहले 2003–04, 2006–07 और 2018-19 में वह चैंपियन बना था।

मुंबई ने सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में कर्नाटक की बराबरी कर ली है। कर्नाटक भी चार बार चैंपियन बना है। सबसे ज्यादा खिताब जीतने के मामले में संयुक्त रूप से तमिलनाडु और बंगाल पहले स्थान पर है। दोनों ने 5-5 फाइनल जीते हैं। उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुंबई के विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तारे ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 107 गेंद पर नाबाद 118 रन बनाए। यह उनके लिस्ट-ए करियर का पहला शतक हैं। उन्होंने अब तक 73 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 12 अर्धशतक लगाए हैं।

विराट कोहली ने लगातार दो पारियों में 0 पर आउट होने के बाद एबी डिविलियर्स से की थी बात, ‘खास सलाह’ से इंग्लैंड को धोया

आदित्य तारे ने अपनी पारी में 18 चौके लगाए। उनके अलावा कप्तान पृथ्वी शॉ ने 39 गेंद पर 73 रन बनाए। उन्होंने 187.18 की स्ट्राइक रेट से रन ठोके। पृथ्वी ने 10 चौके और 4 छक्के लगाए। शिवम दुबे ने 28 गेंद पर 42 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का निकला। शम्स मुलानी ने 43 गेंद पर 36 और यशस्वी जायसवाल ने 30 गेंद पर 29 रन बनाए। सरफराज खान 3 रन बनाकर नाबाद रहे।

पृथ्वी इस मैच के साथ-साथ टूर्नामेंट के भी हीरो रहे। उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए। 8 मैच में पृथ्वी ने 165.40 की औसत से 827 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 138.29 का रहा। उन्होंने 4 शतक और एक अर्धशतक लगाया है। पृथ्वी ने 8 मैच में 105 चौके और 25 छक्के जड़े। दूसरे स्थान पर कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल रहे। उन्होंने 7 मैच में 147.40 की औसत से 737 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने 70 चौके और 21 छक्के लगाए। पडिक्कल का स्ट्राइक रेट 95.96 का रहा।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तर प्रदेश के लिए ओपनर माधव कौशिक ने नाबाद 158 रन बनाए। 156 गेंद की पारी में उन्होंने 15 चौके और 4 छक्के लगाए। समर्थ सिंह ने 73 गेंद पर 55 रन की पारी खेली। अक्षदीप नाथ ने 40 गेंद पर 55 रन ठोके। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के जड़े। प्रियम गर्ग ने 21 और उपेंद्र यादव ने नाबाद 9 रनों का योगदान दिया। कप्तान कर्ण शर्मा खाता नहीं खोल सके। मुंबई के लिए तनुष कोटियान ने 2 और प्रशांत सोलंकी ने एक विकेट लिए।