टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 के सुपर-4 में जगह बना ली है। उसका मुकाबला 4 सितंबर 2022 को होना है। इस कारण उसके खिलाड़ियों को तीन दिन रेस्ट करने का समय मिल गया। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने इस समय का भरपूर सदुपयोग किया। उन्होंने समंदर में मस्ती की। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने एक आदर्श बेटे की तरह पूरे परिवार को दुबई की सैर कराई।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के खिलाड़ियों की सैर का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। एक मिनट 34 सेकंड के इस वीडियो का आप भी आनंद उठा सकते हैं। सूर्यकुमार यादव ने भी परिवार के साथ वाली तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम दुबई के पाम जुमैरह रिजॉर्ट में ठहरी है। यह होटल समुद्र के किनारे ही है।
खिलाड़ियों ने समुद्र में सर्फिंग, कयाकिंग की। विराट कोहली ने सफेद शॉर्ट्स पहनकर बीच पर कदम रखा। उनके सिक्स पैक्स दिख रहे थे। विराट की बॉडी पहले से ज्यादा टोंड और मस्कुलर दिख रही थी। कप्तान रोहित शर्मा ने समंदर में कयाकिंग का मजा लिया। वीडियो में रोहित शर्मा और विराट कोहली के अलावा अन्य खिलाड़ियों को भी समुद्र में नाव चलाते हुए देखा जा सकता है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपनी बॉडी भी दिखाते नजर आए।
एशिया कप 2022 में क्या है टीमों की स्थिति, यहां देखें पॉइंट्स टेबल
वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक ही नाव में बैठकर सैर की। युजवेंद्र चहल ने बाद में कहा कि ऐसी मस्ती मजाक होती रहनी चाहिए। इससे टीम का माहौल ठीक रहता है। भारतीय खिलाड़ियों ने समंदर किनारे वॉलीबॉल मैच भी खेला।
नाव चलाने के दौरान रविचंद्रन अश्विन और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आमने-सामने आ गए। इस पर दिनेश कार्तिक ने मजाकिया अंदाज में चप्पू से इशारा करते हुए अश्विन को हटने के लिए कहा। दोनों जमकर मस्ती कर दिखे।


सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर 6 तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें किसी में वह परिवार के साथ दुबई में शॉपिंग और किसी में खाने-पीने का मजा लेते दिख रहे हैं। एक तस्वीर को देखने से लग रहा है कि उन्होंने परिवार के साथ समंदर की भी सैर की। नीचे आप भी उनकी शेयर की हुई तस्वीरें देख सकते हैं।





