साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच के लिए भारतीय टीम रांची पहुंच गई है। 30 नवंबर को यह मैच होना है। भारतीय टीम रांची में हो और महेंद्र सिंह धोनी के घर न जाए ऐसा नहीं हो सकता। यहां जब भी मैच होता भारतीय टीम धोनी के घर जरूर पहुंचती है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच से पहले भी ऐसा देखने को मिला।

विराट कोहली, ऋषभ पंत और ऋतुराज गायकवाड़ समेत कुछ खिलाड़ी गुरुवार (27 नवंबर) को महेंद्र सिंह धोनी के घर पहुंचे। कोहली, पंत और गायकवाड़ के धोनी के घर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। ऐसे में डिनर पार्टी के बाद धोनी खुद गाड़ी ड्राइव करके कोहली को टीम होटल छोड़ने पहुंचे।

कोहली और धोनी की बॉन्डिंग

कोहली और धोनी का संबंध कैसा है यह बताने की जरूरत नहीं है। धोनी की कप्तानी में विराट को बड़े खिलाड़ी के तौर पर उभरने का मौका मिला। फिर वह उनके उत्तराधिकारी भी बने। भारतीय क्रिकेट में जब भी कप्तान बदलता है खूब हंगामा होता है, लेकिन धोनी के बाद विराट के कप्तान बनने पर ऐसा नहीं हुआ। धोनी ने तीनों फॉर्मेट में खुद कप्तानी छोड़ी और विराट की कप्तानी में खेले। कप्तानी छोड़ने के बाद धोनी ने विराट को गाइड करने में बेहतरीन भूमिका निभाई। ऐसे में धोनी का कोहली को होटल छोड़ने जाना बताता है कि आज भी दोनों की बॉन्डिंग वैसी है।

पंत टीम के साथ पहुंचे

धोनी को अपना मेंटर मानने वाले पंत टीम के साथियों के साथ पहुंचे, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ खुद ड्राइव करके धोनी के घर पहुंचे। बता दें कि शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में केएल राहुल वनडे टीम की कप्तानी करते दिखेंगे। टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी।

घरेलू सरजमीं पर लंबे समय बाद खेलते दिखेंगे रोहित-विराट

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली और रोहित शर्मा घरेलू सरजमीं पर भारत के लिए फरवरी 2025 के बाद पहली बार खेलते दिखेंगे। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में दोनों खेले थे। कोहली और रोहित टीम से पहले ही रांची पहुंच गए थे। भारतीय टीम गुरुवार (27 नवंबर) को रांची पहुंची। दोनों खिलाड़ी 26 नवंबर को ही पहुंच गए थे।