T20 World Cup, India vs Netherlands: भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में अपने दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड को जीत के लिए 180 रन का लक्ष्य दिया। उसकी ओर से कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 204 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) 25 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी के दौरान 7 चौके और एक छक्का लगाया। विराट कोहली (Virat Kohli) ने 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 44 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) 39 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 3 छक्के लगाए।
साल 2016 के बाद यह पहला मौका है, जब टी20 विश्व कप में किसी मैच में एक टीम के 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए हैं। आईसीसी टी20 विश्व कप में अब तक सिर्फ 3 बार ही ऐसा हुआ है। सबसे पहले यह उपलब्धि भारत ने ही अपने नाम की थी।
टी20 विश्व कप 2007 में डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ भारत के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए थे। उस मैच में भारत की ओर से गौतम गंभीर (58 रन), वीरेंद्र सहवाग (68 रन) और युवराज सिंह (58 रन) ने अर्धशतक लगाए थे। भारत ने वह मैच 18 रन से जीता था।
इसके बाद आईसीसी टी20 विश्व कप 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ साउथ अफ्रीका के तीन बल्लेबाजों ने 50 या उससे ज्यादा रन की पारियां खेली थीं। उस मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से हाशिम अमला (58), क्विंटन डीकॉक (52) और जेपी डुमिनी (नाबाद 54 रन) ने अर्धशतक लगाए थे। हालांकि, साउथ अफ्रीका (South Africa) उस मैच को अपने नाम करने में असफल रहा था। इंग्लैंड ने 2 विकेट से वह मुकाबला अपने नाम किया था।
भारत (India) और नीदरलैंड (Netherlands) के बीच 27 अक्टूबर 2022 के मैच की बात करें तो टीम इंडिया (Team India) ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 178 रन बनाए। केएल राहुल 9 के रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू हुए। नीदरलैंड की ओर से फ्रेड क्लासेन और बास डी लीड ने 1-1 विकेट लिए।