सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) टी20 टूर्नामेंट 2021 में 17 जनवरी को पुडुचेरी ने उलटफेर किया। उसने एलीट ग्रुप (Elite Group) E के मैच में अपने से तगड़ी मानी जा रही मुंबई को 6 विकेट से हराया। पुडुचेरी की इस सीजन यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने 15 जनवरी को आंध्र प्रदेश के खिलाफ 4 विकेट से जीत हासिल की थी। मुंबई की टीम इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है।
पुडुचेरी की इस जीत में उसके 41 साल के गेंदबाज सांता मूर्ति (Santha Moorthy) का अहम योगदान रहा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में पुडुचेरी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। सांता मूर्ति ने कप्तान दामोदरन रोहित के इस फैसले को सही भी साबित किया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 5 विकेट चटकाए। उनकी कहर बरपाती गेंदबाजी का ही नतीजा रहा कि मुंबई की टीम 19 ओवर में महज 94 रन पर ही सिमट गई। शिवम दुबे टीम के हाइएस्ट स्कोरर रहे।
उन्होंने 25 गेंद में 28 रन बनाए। उनके अलावा यशस्वी जायसवाल (15 रन, 12 गेंद, एक चौका, एक छक्का) और आकाश पार्कर (नाबाद 20 रन, 24 गेंद) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। सांता मूर्ति ने यशस्वी जायसवाल, विकेटकीपर आदित्य तारे, सूर्यकुमार यादव, सिद्धार्थ लाड और सुजीत नायक के विकेट लिए।
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुडुचेरी की टीम ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 95 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। पुडुचेरी की ओर से विकेटकीपर शेल्डन जैक्सन ने नाबाद 24 रन बनाए। ओपनर एस कार्तिक और दामोदरन रोहित ने पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की।
कार्तिक ने 21 गेंद में 26 और दामोदरन ने 25 गेंद में 18 रन बनाए। मुंबई की ओर से शिवम दुबे ने 4 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट लिए। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने 4 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया। अथर्व अखनोलकर ने 4 ओवर में 15 रन दे एक विकेट लिया।
Two wins in a row!
Pondicherry add 4 more points to their account after they beat Mumbai by wickets. #MUMvCAP #SyedMushtaqAliT20
Scorecard https://t.co/cl8QKMuX30 pic.twitter.com/JPvdUDAAMC
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) January 17, 2021
सांता मूर्ति की बात करें तो उन्होंने पुडुचेरी की ओर से अब तक कुल 4 मैच खेले हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर 2019 को 40 साल की उम्र में पुडुचेरी के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक एक फर्स्ट क्लास, एक लिस्ट ए और 2 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 13 विकेट लिए हैं।
उन्होंने पिछले साल 12 फरवरी को नगालैंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी (प्लेट ग्रुप) के मैच की दूसरी पारी में भी 79 रन देकर 5 विकेट लिए थे। पुडुचेरी ने वह मुकाबला एक पारी और 195 रन से जीता था।